क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स और कोलकाता नाइट राउडर्स के बीच रोमांचक मुकाबले से पहले यहां देखें

आईपीएल का 51वां मुकाबला मुंबई इंडियन्स और कोलकाता नाइट राउडर्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। आईए जानने की कोशिश करें कि ये मुकाबला किस टीम के पाले में जाएगा।

Image

मुंबई इंडियन्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स(साभार Mumbai Indians)

KEY HIGHLIGHTS
  • आज खेला जाएगा आईपीएल 2024 का 51वां मुकाबला
  • मुंबई इंडियन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगी भिड़ंत
  • 12 साल से वानखेड़े में मुंबई से नहीं जीती है कोलकाता की टीम

आईपीएल में आज मुंबई और कोलकाता की टीम आमने-सामने होगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में मुंबई इंडियन्स का सबकुछ दांव पर लगा है। मुंबई इंडियन्स अगर आज कोलकाता के खिलाफ मैच गंवा देती है तो वो आधिकारिक तौर पर लीग दौर में टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं कोलकाता के पास इस मुकाबले में जीत दर्ज करके अंक तालिका में दूसरे पायदान पर अपनी स्थिति को और मजबूत करने का मौका है। उसके खाते में 9 मैच में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंक है। जीत उसे 14 अंक के साथ प्लेऑफ दौर के और करीब पहुंचा देगी। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला बेहद अहम होने जा रहा है।

मुंबई के लिए है करो या मरो का मुकाबला

मुंबई इंडियन्स की टीम 10 मैच में 3 जीत और 7 हार के साथ अंक तालिका में नौवें पायदान पर है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम का अबतक का प्रदर्शन फीका रहा है। सूर्यकुमार यादव की नाकामी के साथ टीम भी नाकाम हो रही है। रोहित शर्मा शुरुआत में रन बना रहे हैं लेकिन मिडल ऑर्डर में तिलक वर्मा के अलावा और कोई बल्लेबाज नियमित तौर पर रन नहीं बना पा रहा है इसी बात का खामियाजा टीम को अबतक भुगतना पड़ा है। टीम एकजुट होकर क्लिक नहीं कर सकी है। शुक्रवार का मुकाबला उसके लिए करो या मरो का है। घरेलू मैदान पर सूर्यकुमार यादव का बल्ला चलता है ऐसे में उनसे बल्ले से धमाल मचाने की आस है। जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी में कहर बरपा रहे हैं लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अबतक किसी और गेंदबाज का साथ नहीं मिला है। ऐसे में गेंदबाजी में भी टीम को कुछ बदलाव करने होंगे। दोनों की मौजूदा सीजन में पहली बार भिड़ंत हो रही है। एक दिन के अंतराल के बाद दोनों का फिर से आमना सामना होगा। ऐसे में इस मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी उसके पास अगले मैच के लिए भी मोमेंटम होगा।

आंकड़ों में मुंबई का पलड़ा है भारी

मुंबई और कोलकाता के बीच आईपीएल में अगर भिड़ंत की बात करें तो दोनों के बीच अबतक कुल 32 बार भिड़ंत हुई है। जिसमें से केकेआर ने केवल 9 बार जीत हासिल की है जबकि 23 मुकाबले मुंबई के नाम रहे हैं। कोलकाता की टीम पिछले 12 साल से वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई को मात नहीं दे पाई है। भले ही मुंबई की टीम इस बार अपने रंग में नजर नहीं आई है लेकिन केकेआर के लिए उसे मात देना आसान नहीं होगा।

मुंबई इंडियंस की टीम:

हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका , मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड।

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), केएस भरत, रहमानुल्लाह गुरबाज, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, शेरफेन रदरफोर्ड, मनीष पांडे, आंद्रे रसेल, नितीश राणा, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, चेतन सकारिया, हर्षित राणा, सुयश शर्मा, मिशेल स्टार्क, दुष्मंता चमीरा, साकि हुसैन और मुजीब उर रहमान।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article