क्रिकेट

RR vs LSG: संजू सैमसन ने खेली कप्तानी पारी, राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को रौंदा

Rajasthan Royals vs Lucknow Super Giants Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मात दे दी है।

Image

संजू सैमसन (फोटो- IPL/BCCI)

Rajasthan Royals vs Lucknow Super Giants Highlights: राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का चौथे मैच अब समाप्त हो गया है। इस मुकाबले को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 20 रनों से जीत लिया है। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान राजस्थान की टीम ने 193 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लखनऊ की टीम केवल 173 रन ही बना पाई और 20 रनों से हार गई।

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले 6 ओवर में ही अपने दोनों ही ओपनर के विकेट गंवा दिए। जोस बटलर का वर्ल्ड कप 2023 का खराब फॉर्म यहां भी जारी रहा और वे केवल 11 रन बनाकर ही चलते बने। यशस्वी जायसवाल को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वे इसे आगे नहीं बढ़ा पाए और केवल 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

संजू सैमसन ने खेली शानदार पारी

कप्तान संजू सैमसन और रियान पराग ने पारी को आगे बढ़ाया। सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। वहीं रियान पराग ने भी उनका भरपूर साथ निभाते हुए 43 रन बनाए। पराग के विकेट के बाद भी सैमस न टिके रहे और टीम के स्कोर को 194 तक ले गए। संजू सैमसन का ध्रूव जुरेल ने भी अंत में साथ दिया। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से नवीन उल हक ने 2 विकेट झटके।

निकोलस पूरन की पारी गई खराब

इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने पहले चार ओवर में ही तीन बड़े विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक का लगातार चल रहा खराब फॉर्म जारी रहा। वहीं देवदत्त पड्डिकल और आयुष बदोनी भी कोई छाप नहीं छोड़ पाए। खराब शुरुआत के बावजूद दीपक हुड्डा ने केएल राहुल के साथ शानदार साझेदारी करने की कोशिश की हालांकि वे भी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल ने पूरन के साथ 85 रनों की पार्टनर्शिप की और टीम को जीत के करीब ले गए हालांकि वे 17वें ओवर में आउट हो गए। निकोलस पूरन ने 64 रन बनाए और मैच जिताने की पूरी कोशिश की लेकिन वे नाकाम रहे। टीम 20 ओवर में केवल 173 रन ही बना सकी और 20 रनों से हार गई।
SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article