आईपीएल 2024 के 30वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ंत होगी। आरसीबी के लिए सीजन अबतक बेहद खराब रहा है। अबतक खेले 6 मैच में से 5 में हार और एक में जीत साथ आरसीबी अंक तालिका में 10वें यानी आखिरी पायदान पर है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 5 मैच में तीन जीत और दो हार के साथ चौथे पायदान पर है। पिछले चार मुकाबलों में आरसीबी को हार मिली है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद पिछले चार में से तीन मैच में जीत दर्ज करने में सफल रही है। आज के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कमान दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज फाफ डुप्लेसी (Faf du Plessis) के हाथों में होगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी पैट कमिंस (Pat Cummins)।
17 साल से खिताबी जीत की बाट जोह रही आरसीबी की टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा रही है। हार के साथ चेन्नई के खिलाफ शुरुआत करने के बाद उसे दूसरे मैच में जीत मिली थी लेकिन उसके बाद आरसीबी को लगातार हार का मुंह देखना पड़ रहा है। 6 मैच में एक जीत और पांच हार उसके खाते में है और वो सबसे नीचे दसवें स्थान पर है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की किस्मत नए कप्तान के साथ बदल गई है। पैट कमिंस की कप्तानी में हैदराबाद 5 मैच में तीन जीत और 2 हार के साथ चौथे स्थान पर अंक तालिका में काबिज है। आरसीबी के लिए गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही परेशानी का सबब बन रही है। पिछले मुकाबले को छोड़ दें तो टीम विराट कोहली के बल्ले पर ही निर्भर है। टीम में कोई बड़ा स्पिनर नहीं है वहीं तेज गेंदबाज भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर रहे हैं। यही उसकी हार की वजह बनी है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद मैच दर मैच बेहतर होती जा रही है। ऐसे में सोमवार को दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने वाली है क्योंकि आरसीबी के लिए ये लड़ाई अब वजूद की हो गई है। ऐसे में आइए जानते हैं सोमवार को कैसा रहेगा बेंगलुरू का मौसम और चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का हाल?
आईपीएल 2024 में आज आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों के बीच भिड़ंत प्रतिष्ठित एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगी। बेंगलुरू का मैदान हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हुआ है। मैदान छोटा है और यहां चौकों-छक्कों के साथ रनों की बारिश होना तय है, जो कि पहले भी होती रही है। हालांकि पिच का मिजाज डबल पेस वाला है। मौजूदा सीजन में पहली पारी के औसत स्कोर में गिरावट आई है और यह औसतन 180 पर जा पहुंचा है। जो कि आईपीएल 2021 में 190.8 था। हालांकि मेजबान टीम के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली फॉर्म में हैं और पिछले मुकाबले में फॉफ डुप्लेसी और रजत पाटीदार भी फॉर्म में लौट आए हैं। मैक्सवेल ही टीम के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। लेकिन ये सभी बल्लेबाज घरेलू परिस्थितियों का फायदा सनराइजर्स के खिलाफ उठाने की पूरी कोशिश करेंगे। वहीं हैदराबाद के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों फॉर्म में हैं। अगर गेंदबाज रन लुटाते भी हैं तो चिन्नास्वामी स्टेडियम में वो बड़े से बड़ा स्कोर तेज करने का माद्दा रखती है।
मैच के दौरान सोमवार(15 अप्रैल, 2024) को बेंगलुरू का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और लुकाछिपी खेलेंगे। मौसम में 38 प्रतिशत उमस रहेगी। ऐसे में गर्मी और उमस में खिलाड़ियों को परेशानी होगी। रात होते-होते तापमान में गिरावट आएगी। लेकिन उमस कम नहीं होगी। ओस भी असर मैच में डालेगी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम यहां पर पहले गेंदबाजी का फैसला करेगी।
