क्रिकेट

RR vs LSG: राजस्थान रॉयल्स को मिली लगातार चौथी हार, पंजाब किंग्स ने दी 5 विकेट से मात

राजस्थान रॉयल्स की टीम को प्लेऑफ का टिकट पक्का करने के बाद अपने 13वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 5 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

Image

पंजाब किंग्स(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • पंजाब किंग्स ने दी राजस्थान को 5 विकेट से हार
  • राजस्थान को मिली लगातार चौथे मैच में हार
  • राजस्थान के टॉप 2 में रहने पर लटकी तलवार

RR vs PBKS Match Report: प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी संजू सैमसन की कप्तानी वालीराजस्थान रॉयल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए होम गेम में 5 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। गेंदबाजी के लिए मददगार विकेट पर टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने रियान पराग की 48 और रविचंद्रन अश्विन की 28 रन की पारियों की बदौलत 9 विकेट पर 144 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में खेलने उतरी पंजाब किंग्स ने जीत के लिए मिले 145 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर में सैम कुरेन की 41 गेंद में 63 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत हासिल कर लिया। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार चौथी हार है। इस हार के बाद उसकी टॉप 2 में रहने की संभावनाओं को झटका लगा है। राजस्थान की हार के बाद केकेआर की टॉप पोजिशन तय हो गई है।

जीत के लिए मिले 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी खराब रही। पंजाब ने पहले ओवर की चौथी ही गेंद पर प्रभसिमरन सिंह ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर चहल के हाथों लपके गए। उन्होंने 6 रन बनाए। इसके बाद जल्दी ही रिली रूसो भी आवेश खान की गेंद पर 13 गेंद में 22 रन बनाकर यशस्वी के हाथों लपके गए। इसी ओवर में दो गेंद बाद शशांक सिंह भी खाता खोले बगैर आवेश की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। 36 रन पर 3 विकेट गंवान के बाद पंजाब की टीम बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसी मुश्किल घड़ी में बल्लेबाजी करने आए कप्तान सैम कुरेन का साथ हमवतन जॉनी बेयर्स्टो भी ज्यादा देर नहीं दे सके और वो भी 48 के स्कोर पर चहल की गेंद पर रियान पराग के हाथों लपके गए। बेयर्स्टो ने 14(22) रन बनाए।

लेकिन इसके बाद सैम कुरेन ने एक छोर संभाला और दूसरे छोर से उन्हें जीतेश शर्मा और आशुतोष शर्मा का साथ मिला। जीतेश 22 रन बनाकर आउट हुए लेकिन अंत में कुरेन ने 41 गेंद में 63 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। आशुतोष 11 गेंद में 17 रन बनाकर नाबाद रहे।

राजस्थान ने दिया जीत के लिए 145 रन का लक्ष्य

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने गेंदबाजी के लिए मददगार पिच पर 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन का स्कोर खड़ा किया। लोकल ब्वॉय रियान पराग के अलावा राजस्थान का और कोई बल्लेबाज पिच पर नहीं टिक सका। पराग ने 48 रन की पारी खेली। उनके अलावा 28 रन रविचंद्रन अश्विन ने बनाए।

जारी रहा जायसवाल का खराब फॉर्म

यशस्वी जायसवाल का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। जायसवाल 4 रन बनाकर पहले ही ओवर में कुरेन की गेंद पर बोल्ड हो गए। हालांकि पॉवरप्ले में इसके बाद राजस्थान ने और कोई विकेट नहीं गंवाया। लेकिन उसके बाद संजू सैमसन सातवें ओवर की चौथी गेंज पर नॉथन एलिस की गेंद पर राहुल चाहर के हाथों लपके गए। उन्होंने 15 गेंद में 18 रन बनाए।

पराग ने सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया

सैमसन के आउट होने के बाद एक छोर रियान पराग ने संभाल लिया और वो पारी के आखिरी ओवर तक पिच पर डटे रहे। दूसरे छोर पर लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे। थोड़ी देर उन्हें अश्विन का साथ मिला तभी राजस्थान की टीम 100 रन के करीब पहुंची। अश्विन और पराग के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई। उस साझेदारी के टूटने के बाद पराग अकेले डटे रहे और पूरी टीम 9 विकेट पर 144 रन बना सकी। पराग 48 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट सैम कुरेन, हर्षल पटेल और राहुल चाहर ने लिए। एक-एक सफलता अर्शदीप सिंह और नाथन एलिस को मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article