बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच करो या मरो के मुकाबले में बाजी आरसीबी के हाथ लगी। इस मैच के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने प्लेऑफ में एंट्री कर ली। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 218 रन का स्कोर खड़ा किया था। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आरसीबी को 18 रन के अंतर से जीत दर्ज करनी थी और सीएसके को 201 रन बनाने थे। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 191 रन बना सकी और आरसीबी ने 27 रन से मैच अपने नाम किया और प्लेऑफ में भी लगातार छठी जीत के बाद एंट्री कर ली।
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच करो या मरो के मुकाबले से पहले प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीन टीमें तय हो चुकी थीं। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी थी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी। ऐसे में चौथी टीम का नाम सीएसके और आरसीबी के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के परिणाम टिक गया था और आरसीबी ने प्लेऑफ का टिकट रोमांचक मुकाबले में जीत के बाद हासिल कर लिया।
रविवार के मुकाबलों के बाद तय होगा कौन किस पायदान पर
प्लेऑफ राउंड में किस टीम की किसके साथ भिड़ंत होगी ये बात रविवार को खेले जाने वाले दोनों मुकाबलों के परिणाम के बाद तय होगी। रविवार को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच दोपहर को भिड़ंत होगी।
किस टीम ने जीते लीग दौर में कितने मैच
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 13 मैच में 9 जीत और 3 हार के साथ अंक तालिका में 19 अंक के साथ पहले पायदान पर है। उसका एक मैच गुजरात के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में उसका पहले क्वालीफायर में खेलना तय है। राजस्थान रॉयल्स की टीम अबतक खेले 13 मैच में से 8 में जीत और 5 में हार के साथ फिलहाल दूसरे पायदान पर है। उसके खाते में 16 अंक हैं। उसे अपना आखिरी मैच कोलकाता के खिलाफ खेलना है। इस मैच में जीत उसे दूसरा स्थान दिला सकती है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी थी। हैदराबाद ने अबतक खेले 13 मैच में 7 जीत और 5 हार के साथ तीसरे पायदान पर है। हैदराबाद और गुजरात के बीच का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद हैदराबाद ने 15 अंक के साथ प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी। वहीं आरसीबी ने 14 मैच में 7 जीत और 7 हार के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। चौथे पायदान पर रहते हुए आरसीबी एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी।
ऐसा है प्लेऑफ का कार्यक्रम
आईपीएल 2024 में प्लेऑफ मैचों की शुरुआत 21 मई को अहमदाबाद में होगी। पहला क्वालीफायर मुकाबला अंक तालिका में पहले दो पायदान पर काबिज टीमों के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी मैदान पर एलिमिनेटर मुकाबला 22 मई को अंक तालिका में तीसरे और चौथे पायदान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा क्वालीफायर 24 मई को चेन्नई में पहले क्वालीफायर में हारने वाली और एलिमिनेटर मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम के बीच खेला जाएगा। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में ही 26 मई को फाइनल मैच खेला जाएगा।
