कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ जिस तरह की पारी राजस्थान के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने खेली वह रोज-रोज नहीं खेली जाती। यशस्वी की उस ऐतिहासिक पारी ने न केवल राजस्थान को 41 गेंद शेष रहते कोलकाता के खिलाफ जीत दिला दी बल्कि आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम कर दिया। उन्होंने 2018 में केएल राहुल द्वारा 14 गेंद पर बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा और केवल 13 गेंद में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा कर लिया।
हालांकि, वह शतक नहीं पूरा कर पाए और 47 गेंद पर 98 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका साथ दिया कप्तान संजू सैमसन ने जिन्होंने 29 गेंद पर नाबाद 48 रन बनाए।
ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे नंबर पर यशस्वी
इस विस्फोटक 98 रन की पारी के बाद यशस्वी जायसवाल ऑरेंज कैप की सूची में फाफ डुप्लेसी के बाद दूसरे नंबर पर पहुं गए। अब वह फाफ के 576 रन से केवल 1 रन दूर हैं। यशस्वी ने 12 मैच में 167.15 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल है।
सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ा
शानदार बल्लेबाजी के दम पर यशस्वी जायसवाल इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामल में भारत के ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और देवदत्त पाडिक्कल जैसे बल्लेबाज को पीछे छोड़ दिया है। वह अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभी भी राजस्थान को दो और लीग मैच खेलने हैं और यशस्वी के रनों का आंकड़ा और भी ऊपर जा सकता है।
IPL के एक सीजन में रन बनाने वाले अनकैप्ड भारतीय
575 - यशस्वी जायसवाल (2023)
516 - ईशान किशन (2020)
512 - सूर्यकुमार यादव (2018)
480 - सूर्यकुमार यादव (2020)
473 - देवदत्त पाडिक्कल (2020)
राजस्थान रॉयल के बचे दो मुकाबले क्रमश: 14 मई और 19 मई को खेले जाएंगे। 14 मई को राजस्थान अपने घर सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ जबकि 19 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में उतरेगी। इन दो मैच में भी यशस्वी के खिलाफ मौका होगा।
