क्रिकेट

ऋद्धिमान साहा ने खेली लखनऊ के खिलाफ धमाकेदार पारी, पेश किया WTC Final के लिए दावा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 7, 2023, 06:21 PM IST

ऋद्धिमान साहा ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 43 गेंद में 81 रन की आतिशी पारी खेलकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अपना दावा पेश कर दिया है। उनकी इस पारी की विराट कोहली ने भी तारीफ की है।

Image

ऋद्धिमान साहा(साभार IPL/BCCI)

अहमदाबाद: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्वक करने के लिए चुके हुए मान लिए गए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने रविवार को आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 43 गेंद में 81 रन की आतिशी पारी खेलकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी। ऋषभ पंत के चोटिल होने और केएल राहुल के टीम से बाहर होने के बाद भारतीय टीम एक ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज की तलाश कर रही है जो अच्छी विकेटकीपिंग के साथ निचले क्रम पर बल्लेबाजी भी कर ले।

आईपीएल 2023 में जमकर मचा रहे हैं धमाल

ऐसे में युवा विकेटकीपर बल्लेबाजों के फीके प्रदर्शन के बीच टीम ऋद्धिमान साहा ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने अबतक सीजन में खेले 11 मैच की 11 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 27.30 के औसत और 137.19 के स्ट्राइक रेट से 273 रन बनाए हैं। रविवार को उन्होंने सीजन का पहला अर्धशतक महज 20 गेंद में पूरा किया। जो कि उनके आईपीएल करियर का भी सबसे तेज अर्धशतक है।

द्रविड़ ने कहा था अब नहीं बनती है टीम में उनकी जगह

रिपोर्ट्स के मुताबिक ऋषभ पंत और ईशान किशन जैसे युवा विकेटकीपर बल्लेबाजों के अपने खेल के चरम पर पहुंचने के बाद टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने साहा को साफ शब्दों में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की सलाह दी थी। उन्होंने साहा से कहा था कि अब उनकी जगह टेस्ट टीम में नहीं बनती है। ऐसे में ऋषभ पंत के दिसंबर में चोटिल होने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने केएस भरत पर भरोसा जताया और उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में मौका दिया जहां उन्होंने बल्ले से निराश किया।

ईशान पर मिल सकती है अनुभव की वजह से वरीयता

केएल राहुल के जांघ की चोट की वजह से आईपीएल और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से बाहर होने के बाद ईशान किशन का नाम टीम में शामिल किए जाने वाले खिलाड़ियों में सबसे आगे चल रहा है। लेकिन अजिंक्य रहाणे की टीम इंडिया में वापसी होने के बाद साहा के लिए भी टीम में वापसी की संभावना बढ़ गई हैं। ईशान किशन आईपीएल 2023 में 10 मैच में 29.30 के औसत और 136.92 के स्ट्राइक रेट से 293 रन बना चुके हैं। वो साहा से रनों के मामले में पीछे नहीं हैं। ऐसे में अनुभव के आधार पर चयनकर्ता साहा को वरीयता दे सकते हैं।

विराट ने की साहा की पारी की तारीफ

विराट कोहली ने भी साहा की इस शानदार पारी की तारीफ की है। विराट कोहली ने अपने स्टेटस पर लिखा, शानदार खिलाड़ी ऋिद्धिमान साहा! क्या विराट की इस तारीफ को संकेत माना जा सकता है कि चयनकर्ता भी साहा पर कड़ी नजर लगाए बैठे हैं। अबतक राहुल के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है। अगर साहा को मौका मिलता है तो किसी को आश्चर्य नहीं होगा। विश्व चैंपियनशिप फाइनल में शिरकत करने के बाद साहा शानदार अंदाज में अपने टेस्ट करियर को अलविदा भी कह सकेंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article