MS Dhoni Farewell Match: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी पर रविवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सबकी नजरें टिकी होंगी। एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके ने सफलता के कई अध्याय इंडियन प्रीमियर लीग में रचे। चेन्नई की टीम 14 सीजन में शिरतक करते हुए 10 बार फाइनल में पहुंची है और चार बार खिताब अपने नाम करने में सफल रही है। उनके पास रविवार को गुजरात के खिलाफ जीत के साथ खुद को बतौर कप्तान और सीएसके को बतौर टीम साझा रूप से सबसे सफल बनाने का मौका है। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के सभी खिलाड़ी इन दोहरी उपलब्धियों को हासिल करने की पुरजोर कोशिश करेंगे। क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि धोनी का बतौर खिलाड़ी ये आखिरी आईपीएल सीजन होगा।
विजयी विदाई देना चाहती है टीम और फैन्स
धोनी भले ही साफतौर पर मौजूदा आईपीएल सीजन कोआखिरी कहने से बच रहे हैं लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत से आखिर तक ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वो क्रिकेट को अलविदा कहने का मन बना चुके हैं। हर मैदान पर वो ग्राउंड्स मैन के साथ भी तस्वीरें ले रहे हैं। उनके पास शिखर पर रहते हुए क्रिकेट के मैदान से विदा होने का ये शानदार मौका है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तो धोनी ने खामोशी भरे अंदाज में एक वीडियो संदेश के साथ विदाई ले ली थी लेकिन फैन्स आईपीएल से उन्हें शानदार विदाई देना चाहेंगे।
घुटने की चोट से रहे परेशान
धोनी 42 साल के हो चुके हैं। इस बार घुटने की चोट ने उन्हें परेशान किया बावजूद इसके वो लगातार खेलते रहे और अपनी टीम को फाइनल तक लाए। घरेलू मैदान हो या कोई और हर जगह धोनी के प्रशंसक उन्हें विदाई देने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में उमड़े। धोनी से ऐसे में कई बार सवाल पूछे गए कि क्या ये उनका विदाई सीजन है तो उन्होंने गोल-गोल जवाब ही दिया। चेन्नई में पहले क्वालीफायर में जीत के बाद धोनी ने कहा कि उनके पास संन्यास के बारे में फैसला लेने के लिए 8 से 9 महीने का वक्त है। वो सीएसके के साथ हमेशा किसी न किसी भूमिका में जुड़े रहेंगे।
गावस्कर ने भी लिया धोनी का ऑटोग्राफ
इस बार आईपीएल का कोई दिन ऐसा नहीं गुजरा जब चेन्नई का मैच रहा हो या नहीं लेकिन उनका जिक्र जरूर हुआ। उनके भारतीय क्रिकेट में योगदान और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन की चर्चा न हुई हो। यहां तक कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी बीच मैदान अपनी शर्ट पर धोनी का ऑटोग्राफ ले लिया।
विदाई भी होगी माही वे...
भारतीय क्रिकेट के इस सुपर स्टार खिलाड़ी और कप्तान को हर कोई विजयी विदाई देना चाहता है। लोग नहीं चाहते हैं कि कैप्टन कूल खामोशी से विदा हो जाएं। धोनी दीवानगी सिर चढ़कर बोल रही है और स्टेडियम यलो सी में तब्दील हो रहे हैं। ऐसा ही एक बार फिर फाइनल मुकाबले में होगा। अगर ये मुकाबला धोनी के क्रिकेट करियर का आखिरी हो जाए तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। क्योंकि वो अपने अप्रत्याशित निर्णयों के लिए जाने जाते हैं और एक बार फिर उसी जाने पहचाने अंदाज में विदाई का निर्णय लेंगे।
