बेंगलोर: बारिश के साये के बीच प्लेऑफ में एंट्री की चाह में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 27 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। आठवें ओवर की पहली गेंद पर नूर अहमद ने डुप्लेसी को तेवतिया के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके साथ ही 67 के स्कोर पर साझेदारी का अंत हो गया।
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बटोरने वाली जोड़ी
फॉफ डुप्लेसी और विराट कोहली की जोड़ी ने गुजरात के खिलाफ अर्धशतकीय साझेदारी के जरिए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। दोनों पहले तो एक सीजन में किसी जोड़ी द्वारा बनाए सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों ने 14 मैच की 14 पारियों में आरसीबी के लिए पारी का आगाज करते हुए कुल 939 रन जोड़े। ऐसा ही विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी ने साल 2016 में आरसीबी के लिए खेलते हुए किया था। उस जोड़ी ने भी सीजन में कुल 939 रन जोड़े थे।
सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतकीय साझेदारियां
विराट कोहली और फॉफ डुप्लेसी की जोड़ी ने सीजन में आठवीं बार अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके साथ ही इस जोड़ी के नाम आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी के रूप में दर्ज हो गया। इससे पहले एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड तीन जोड़ियों के नाम दर्ज था। विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी ने साल 2016 में, रुतुराज गायकवाड़ और फॉफ डुप्लेसी की जोड़ी ने साल 2021 में, जानी बेयर्स्टो और डेविड वॉर्नर की जोड़ी ने साल 2019 में 7-7 अर्धशतकीय साझेदारियां की थीं। ऐसे में विराट-डुप्लेसी की जोड़ी इनसे एक कदम आगे निकल गई है।
