मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े मैदान पर कोलाकाता और मुंबई के बीच खेले जा रहे मैच में वेंकटेश अय्यर ने शानदार शतक जड़ दिया है। उन्होंने केवल 49 गेंद पर यह शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 9 छक्के लगाए। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है, जबकि आईपीएल 2023 की बात करें तो यह दूसरा शतक है। इससे पहले हैरी ब्रूक ने कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़ा था।
आईपीएल 2023 का सबसे तेज शतक
यह आईपीएल 2023 का सबसे तेज शतक है। वेंकटेश ने 100 रन केवल 49 गेंद में पूरे किए और उन्होंने इस सीजन हैरी ब्रूक के सबसे तेज शतक बनाने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। ब्रूक ने 100 रन के लिए 55 गेंद का सामना किया था। अय्यर 51 गेंद पर 104 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हो गए। उन्हें 18वें ओवर में रिले मेरेडिथ ने जान्सेन के हाथों कैच करवाया।शानदार लय में हैं वेंकटेश
आईपीएल 2023 की बात करें तो वेंकटेश अय्यर शानदार लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 5 मैच की 5 इनिंग में 46.80 की औसत और 170.80 की शानदार स्ट्राइक से बल्लेबाजी करते हुए 234 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने शिखर धवन के 233 रन को पीछे छोड़ते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा कर लिया है।
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 11 रन के स्कोर पर उसने अपना पहला विकेट गंवा दिया। लेकिन उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे वेंकटेश अय्यर ने गुरबाज के साथ मिलकर तेजी से 46 रन जोड़े और कोलकाता की वापसी करा दी। हालांकि, कोलकाता लगातार अंतराल पर विकेट गंवा रही थी, लेकिन वेंकटेश अय्यर ने दूसरे छोर से शानदार शतक जड़ दिया।
