मुंबई: दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल का सोलहवां सीजन जैसे-जैसे अपने अंत की ओर बढ़ रहा है उसका रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। मैदान पर चौकों छक्कों की बारिश भी जमकर हो रही है। खबर लिखे जाने तक आईपीएल 2023 के 55 मैच खेले जा चुके हैं और इतने मुकाबलों में 800 से ज्यादा छक्के और 1500 से ज्यादा चौके लग चुके हैं। सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में आरसीबी के कप्तान फॉफ डुप्लेसी 32 छक्कों के साथ नंबर वन बने हुए हैं। वहीं सबसे ज्यादा चौके जड़ने वाले खिलाड़ियों में अव्वल नंबर पर यशस्वी जायसवाल चल रहे हैं।
अंतिम ओवरों में छक्कों की लड़ी दिला रही है जीत
लेकिन इस बार एक अनोखा ही मुकाबला आखिरी के ओवरों में छक्के जड़ने का भी चल रहा है। खिलाड़ी अपनी टीमों को लगातार पांच और तीन छक्के जड़कर जीत दिला चुके हैं। ऐसे में आईए नजर डालते हैं कि स्लॉग ओवरों में लक्ष्य का पीछा करते हुए किस खिलाड़ी ने मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का कारनामा कर दिखाया है।
सूर्या हैं नंबर वन, रिंकू सिंह दूसरे नंबर पर
लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में मुंबई इंडियन्स के सूर्यकुमार यादव नंवर वन पर चल रहे हैं। उन्होंने चेज करते हुए सीजन में अबतक कुल 17 छक्के जड़े हैं और टॉप पर हैं। उनके बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर कोलकाता को पांच गेंद में लगातार पांच छक्के जड़कर केकेआर को गुजरात के खिलाफ जीत दिला चुके रिंकू सिंह हैं। उन्होंने सीजन में चेज करते हुए अबतक कुल 15 छक्के जड़े हैं।
तीसरे पायदान पर हैं ऑरेंजकैप होल्डर डुप्लेसी
इस सूची में तीसरे पायदान पर आरसीबी के कप्तान फॉफ डुप्लेसी है। डुप्लेसी ने चेज करते हुए आईपीएल 2023 में कुल 14 छक्के जड़े हैं। उनके बाद ईशान किशन(13), नीतीश राणा और निकोलस पूरन का नंबर आता है। दोनों के बल्ले से चेज करते हुए अबतक कुल 12-12 छक्के निकले हैं।
अंतिम मैच तक तेजी से बदलेंगे आंकड़े
टीमों के लिए अंक तालिका में लगातार हो रही उठापटक की वजह से करो या मरो का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में बाकी बचे 15 से 20 मैचों में प्रशंसकों को चौकों छक्कों की बारिश देखने को मिलेगी। ऐसे में चेज करते हुए छक्के जड़ने वाला नया सिक्सर किंग मिल सकता है।
