क्रिकेट

IPL 2023, GT vs MI Pitch Report, Weather Forecast: गुजरात-मुंबई दूसरे क्वालीफायर मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का पूरा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated May 26, 2023, 06:09 PM IST

IPL 2023 Qualifier-2, GT vs MI Pitch Report and Weather Forecast Today Match: आज (26 May 2023) इंडियन प्रीमियर लीग का दूसरा क्वालीफायर मैच खेला जाएगा। इस अहम मैच में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की भिंड़त होगी। दोनों में जो जीता वो फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स से टकराएगा। आइए जानते हैं गुजरात-मुंबई मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम।

Image

गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस क्वालीफायर-2 की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 का सेमीफाइनल
  • दूसरे क्वालीफायर में गुजरात-मुंबई की टक्कर
  • अहमदाबाद में होगी फाइनल में जाने की रेस

IPL 2023, Qualifier 2, GT vs MI Pitch Report Today Match and Weather Forecast: आईपीएल 2023 में आज बड़ा मुकाबला खेला जाना है, ये है तो दूसरा क्वालीफायर मैच, लेकिन इसे आप टूर्नामेंट का बड़ा सेमीफाइनल भी कह सकते हैं। टक्कर होगी डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस और पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच। गुजरात टाइटंस पहले क्वालीफायर में चेन्नई सुपर किंग्स से हारकर यहां पहुंची है, जबकि मुंबई इंडियंस एलिमिनेटर मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को शिकस्त देकर यहां पहुंचने में सफल हुई है। आज जो भी जीता वो फाइनल में धोनी के धुरंधरों से खिताब के लिए टकराने वाला है।

गुजरात टाइटंस अंक तालिका में शीर्ष पर रही थी, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम चौथे स्थान पर थी। अगर लीग स्टेज में दोनों टीमों के बीच खेले गए दोनों मुकाबलों की बात करें तो पहले इनके बीच टक्कर अहमदाबाद के मैदान पर हुई थी जिसमें गुजरात ने 207 रन का लक्ष्य दिया था और जवाब में मुंबई की टीम 9 विकेट पर 155 रन ही बना सकी थी और 55 रनों से मैच गंवा दिया था। इसके बाद दोनों टीमों का अगला मुकाबला मुंबई में हुआ। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात को 219 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था और गुजरात की टीम जवाब में 8 विकेट खोकर 191 रन तक ही पहुंच सकी थी। आइए अब जानते हैं कि जब दोनों टीमें आज इस सीजन में तीसरी बार भिड़ने वाली हैं तो क्या कहती है पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति।

कैसी होगी गुजरात-मुंबई दूसरे क्वालीफायर की पिच रिपोर्ट? (IPL 2023 Qualifier 2, GT vs MI Pitch Report)

आज गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2023 का दूसरा क्वालीफायर मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। ये गुजरात टाइटंस का होम ग्राउंड भी है। जैसा कि आपको बता चुके हैं कि इस मैदान पर जब पिछली बार ये दोनों टीमें टकराई थीं तब गुजरात की टीम ने जमकर रन बरसाए थे और मुंबई को करारी शिकस्त दी थी। इस आईपीएल सीजन में अब तक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सात मुकाबले खेले गए हैं जिसमें चार पारियों में 200 का आंकड़ा पार हो चुका है और अधिकतर मैचों में बल्लेबाजों ने जमकर रनों की बारिश की है। दिलचस्प बात ये भी है कि इन सभी सात मुकाबलों में एक भी मौका ऐसा नहीं रहा जब किसी टीम ने विरोधी टीम को ऑलआउट किया हो। ऐसे में यहां बल्लेबाजों का दबदबा देखना तय है, लेकिन शुरुआत के कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों में जबकि बाकी की पारी में स्पिनर हावी होते नजर आ सकते हैं।

आज कैसा होगा अहमदाबाद का मौसम? (Ahmedabad Weather Today)

आईपीएल 2023 का दूसरा क्वालीफायर गुजरात के अहमदाबाद शहर में होने जा रहा है और यहीं पर फाइनल मुकाबला भी आयोजित होना है। गुजरात और मुंबई के बीच मुकाबले से पहले आइए जान लेते हैं कि आज अहमदाबाद का मौसम कैसा रहने वाला है। गुरुवार को अहमदाबाद में बारिश हुई है और ये फैंस का थोड़ा चिंतित कर सकता है। लेकिन आज को लेकर अनुमान है कि यहां थोड़ी-बहुत बारिश जरूर हो सकती है लेकिन इतनी नहीं कि ये मैच बड़े तौर पर प्रभावित हो जाए। आज अहमदाबाद में उमस काफी रहने वाली है। देश के इस हिस्से में भी अब गर्मी रफ्तार पकड़ चुकी है। दिन में अधिकतर समय तेज धूप रहने का अनुमान है और अगर थोड़ी-बहुत बारिश हुई तो उमस और बढ़ सकती है। आज अहमदाबाद का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला ये बड़ा मैच आज शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। इस मैच में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान पर कई स्टार खिलाड़ी मौजूद होंगे जो अपने दम पर मैच का रुख पलट सकते हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या औऱ रोहित शर्मा से लेकर शुभमन गिल और डेविड मिलर। वहीं राशिद खान और आकाश मधवाल से लेकर कैमरन ग्रीन, इशान किशन और नूर अहमद इस मैच में अपना बड़ा प्रभाव छोड़ सकते हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article