कोलकाता ने आखिरकार चेपॉक में चेन्नई को हराकर अपने 11 साल का इंतजार खत्म कर लिया। जीत के लिए 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में टीम 33 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन कप्तान नीतीश राणा और शानदार फॉर्म में चल रहे रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी कर चेन्नई से मैच छीन लिया और 9 गेंद शेष रहते 4 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली।
रिंकू सिंह ने 43 गेंद में 54 रन तो नीतीश राणा ने 44 गेंद में नाबाद 57 रन की पार खेली। इस जीत के साथ कोलकाता प्वाइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स के ऊपर 7वें स्थान पर पहुंच गया है और उसने अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवम दुबे के 34 गेंद पर नाबाद 48 और जडेजा की 20 रन की पारी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की नहीं तो चेन्नई एक वक्त 72 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।
जीत के बाद क्या बोले नीतीश राणा?
जीत के बाद कप्तान नीतीश राणा ने जीत का श्रेय कोच चंद्रकांत पंडित को दिया। उन्होंने कहा 'जैसा की हमने टॉस के वक्त कहा था कि यदि हम तीनों क्षेत्र में अच्छा करेंगे तो हम जीतेंगे।' उन्होंने कोच चंद्रकांत पंडित की भी तारीफ की और कहा 'इसका श्रेय हम चंदू सर (कोच चंद्रकांत पंडित) को देना होगा- मैं भारी रोलर लेने के पक्ष में नहीं था, लेकिन उन्होंने इसके लिए जोर दिया। मुझे डर था कि पिच टूट सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और गेंद ज्यादा टर्न नहीं हुई।
