क्रिकेट

IPL 2023, KKR vs RCB: आज केकेआर-बैंगलोर मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 7, 2023, 03:10 PM IST

IPL 2023, KKR vs RCB: आज आईपीएल 2023 का 9वां मुकाबला खेला जाएगा। इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन के इस मुकाबले में दोनों टीमें अपना पूरा दम लगाएंगी। बैंगलोर अपना पहला मैच जीतकर आ रही है, जबकि मेजबान केकेआर पहला मैच गंवा चुकी है। आपको बताते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कोलकाता के मौसम का पूरा हाल कैसा रहने वाला है।

Image

केकेआर बनाम आरसीबी मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आज आईपीएल 2023 का 10वां मुकाबला खेला जाएगा
  • कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की होगी भिड़ंत
  • कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा मैच

IPL 2023, KKR vs RCB: आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) का 9वां मैच खेला जाना है। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स से होगी। ये मुकाबला कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की कमान उनके नए व युवा कप्तान नीतीश राणा के हाथों में है, जबकि विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ियों से सजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की अगुवाई फाफ डुप्लेसिस कर रहे हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स अपने पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ डकवर्थ लिविस नियम के तहत निकले नतीजे में 7 रन से हार गई थी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टूर्नामेंट में शानदार अंदाज में जीत से आगाज किया था। उन्होंने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर अपने अभियान की बेमिसाल शुरुआत की थी। आज का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के होम ग्राउंड पर खेला जाना है, तो आइए जानते हैं कैसी होगी ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम।

कैसी है कोलकाता-बैंगलोर मैच की पिच रिपोर्ट? (KKR vs RCB Pitch Report)

कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आईपीएल 2023 का मुकाबला ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। लंबे समय बाद इस मैदान पर आईपीएल मैचों की वापसी होने जा रही है। बात करें यहां की पिच से जुड़ी, तो यहां पर बल्लेबाजों को हमेशा से फायदा मिलता देखा गया हैै। गेंद बल्ले पर अच्छे से आएगी और रनों की बौछार तय मानी जा सकती है। उमस की वजह से बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के गेंदबाजों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। पारी के मध्य में दोनों टीमों के स्पिनर यहां अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। यहां आखिरी बार कोई टी20 मुकाबला फरवरी 2022 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था। उस मैच में भारत ने 5 विकेट खोते हुए 184 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 167 रन ही बना सकी थी और 17 रन से मैच गंवा दिया था।

आज कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम? (Kolkata weather Today)

आज कोलकाता के मौसम की बात करें तो दिन में यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन फैंस के खुशी की खबर फिलहाल ये है कि आज यहां बारिश का कोई अनुमान नहीं है। ऐसे में दर्शक एक पूरे मैच का लुत्फ जरूर उठा सकेंगे। हालांकि यहां पर उमस काफी रहेगी और शाम को इसके बढ़ने के आसार हैं इसलिए गेंदबाजों और फील्डरों को इससे समस्या जरूर हो सकती है। तापमान की बात करें तो ये एक गर्म दिन रहने वाला है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।

इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण का ये मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस 7 बजे होगा। कोलकाता का मैदान अपने क्रिकेट प्रेमी दर्शकों के लिए मशहर रहा है और जब आईपीएल एक बार फिर उनके मैदान पर लौट रहा है तो दीवानगी देखने लायक रहेगी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article