KKR vs RCB: आईपीएल 2023 के नौवें मैच में गुरुवार को केकेआर और आरसीबी के बीच कोलकाता के इडेन गार्डन्स में भिड़ंत होने जा रही है। ऐतिहासिक इडेन गार्डन्स मैदान पर चार साल लंबे अंतराल के बाद आईपीएल का मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में कोलकाता के खेल प्रशंसक इस मैच का बड़ी शिद्दत से इंतजार कर रहे हैं। आईपीएल में दोनों टीमों के बीच अबतक कुल 30मैच खेले गए हैं जिसमें से 16 में कोलकाता और 14 में आरसीबी को जीत मिली है।
चोटिल टॉप्ली के रूप में होगा आरसीबी में एक बदलाव
सीजन का पहला मैच जीतने वाली आरसीबी की टीम कोलकाता के खिलाफ मुकाबले के लिए अपनी एकादश में एक बड़ा बदलाव रीस टॉप्ले के रूप में कर सकती है। मुंबई के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए टॉप्ली का कंधा डिस्लोकेट हो गया था। इसके बाद वो मैदान में नहीं उतरे। ऐसे में उनकी जगह टीम डेविड विली को शामिल किया जा सकता है।
शार्दुल का कट सकता है पत्ता
वहीं केकेआर की बात करें तो पहले मैच में हार का सामना करने वाली कोलकाता की टीम इस बार वेंकटेश अय्यर को मूल प्लेइंग-11 में शामिल कर सकती है। पिछले मैच में वो इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान में आए थे। शार्दुल ठाकुर की जगह कुलवंत खजरोलिया को भी आजमाया जा सकता है। ये दो बदलाव पिछले मैच की तुलना में केकेआर में हो सकते हैं।
