रविवार को एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी ने 7 रन से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने फाफ डुप्लेसी और ग्लेन मैक्सवेल की अर्धशतकीय पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए और बल्लेबाजों से सजी राजस्थान की टीम के सामने 190 रन का सम्मानजनक लक्ष्य रखा। लेकिन पहले मोहम्मद सिराज और फिर बाद में हर्षल पटेल की गेंदबाजी के दम पर राजस्थान की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन ही बना सकी।
विराट की कप्तानी में दूसरी जीत
इस सीजन की बात करें तो आरसीबी ने अब तक 7 मुकाबलों में से 4 में जीत दर्ज की है। इन 4 में दो जीत उसे विराट कोहली की कप्तानी में मिली है। पहली बार इस सीजन में विराट ने पंजाब किंग्स के खिलाफ कप्तानी की थी, क्योंकि चोट के कारण फाफ डुप्लेसी फील्डिंग नहीं कर रहे हैं। हालांकि, वह बल्लेबाजी कर रहे हैं और जबरदस्त फॉर्म में हैं। डुप्लेसी 5 अर्धशतक लगा चुके हैं।
हरभजन सिंह ने रखी मांग
विराट की इस शानदार कप्तानी को देखकर भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने एक मांग रख दी है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से कहा 'जितना अच्छा चल रहा है, मैं तो कहूंगा कि उन्हें बाकी बचे मैचों में भी आरसीबी की कप्तानी करनी चाहिए। ऐसा होता है या नहीं यह तो फाफ डुप्लेसी की फिटनेस पर निर्भर करेगा, लेकिन इतना तय है कि इस सीजन बतौर कप्तान विराट के जीत का प्रतिशत सौ रहा है।
इतना ही नहीं विराट बल्ले से भी इस सीजन कमाल कर रहे हैं। राजस्थान के खिलाफ मुकाबले को छोड़ दें तो वह हर मैच में रन बना रहे हैं। विराट कोहली चार अर्धशतक लगा चुके हैं। अब तक खेले गए मैच में उनके नाम 279 रन हैं।
