IPL 2023 FINAL, CSK vs GT Heat to Head: इंडियन प्रीमियर लीग के सोलहवें सीजन का आरंभ जिन दो टीमों के बीच भिड़ंत के साथ हुआ था सीजन के आखिरी मुकाबले में भी उन्हीं दो टीमों का आमना-सामना हो रहा है। एक तरफ एमएस धोनी की करिश्माई कप्तानी के बल पर फाइनल तक पहुंचने वाली चेन्नई सुपर किंग्स है। वहीं दूसरी तरफ अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतने वाली हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन सीजन में बेहतरीन रहा है। गुजरात की टीम जहां अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरी और लीग दौर में टॉप पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची। वहीं धोनी के धुरंधर भी शानदार प्रदर्शन के बल पर दूसरे पायदान पर रहे। ऐसे में सीजन की टॉप टू टीमों के बीच खिताबी जंग होना सर्वश्रेष्ठ रिजल्ट है। ऐसे में आईए नजर डालते हैं आंकड़ों की जंग में दोनों टीमों में किसका पलड़ा है भारी?
गुजरात का पलड़ा रहा है भारी
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अबतक कुल 4 मैच खेले गए हैं जिसमें से से तीन में गुजरात की टीम विजयी रही है जबकि एक बार बाजी सीएसके के हाथ लगी। दूसरे नजरिए से देखें तो सीएसके की टीम लीग दौर में एक बार भी गुजरात के खिलाफ जीत नहीं हासिल कर सकी। वहीं प्लेऑफ में दोनों के बीच एक बार भिड़ंत हुई और बाजी चेन्नई के हाथ लगी।
अहमदाबाद में चुनौती देना नहीं है आसान
दोनों के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक बार आमना सामना हुआ है। वो मुकाबला भी मौजूदा सीजन का पहला था जिसमें धोनी के धुरंधरों को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में घरेलू मैदान पर गुजरात को चुनौती देना चेन्नई के लिए आसान नहीं होगा।
भारी पड़ सकता है धोनी का अनुभव
एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम दसवीं बार फाइनल में पहुंची है। जहां चार बार उसे जीत हासिल हुई है। धोनी की कप्तानी में फाइनल में जीत प्रतिशत 44.44 का है। वहीं हार्दिक पांड्या का फाइनल में जीत प्रतिशत 100 का है। इस लिहाज से देखें तो धोनी का अनुभव एक बार फिर हार्दिक पांड्या की टीम के खिलाफ फाइनल में भारी पड़ सकता है।
