IPL 2023, LSG vs MI Pitch Report Today Match and Weather Forecast: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण में आज एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाना है। ये मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपक) में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। जो भी टीम ये मैच हारी वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा फाइनल में जाने का। उसे पहले क्वालीफायर में हारने वाली टीम गुजरात टाइटंस से दूसरे क्वालीफायर में भिड़ना होगा। गौरतलब है कि पहले क्वालीफायर में गुजरात को हराकर चेन्नई सुपर किंग्स पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2023 का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा जिसमें बीच टूर्नामेंट उनके कप्तान केएल राहुल चोटिल होकर बाहर हो गए। इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली और अपनी टीम को टॉप-4 टीमों में शामिल कराने में सफल रहे। लखनऊ ने लीग स्टेज में 14 मैच खेले जिसमें उन्होंने 8 मैच जीते और 5 मैच गंवाए, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा, इस तरह वे 17 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। उनके और चेन्नई सुपर किंग्स के अंक बराबर रहे लेकिन चेन्नई नेट रन रेट में बाजी मार ले गई और दूसरे नंबर पर रही। वहीं, आज के मैच की दूसरी टीम है मुंबई इंडियंस जिसने लीग स्टेज में 14 मैच खेले, उनमें 8 मुकाबले जीते और 6 मैच गंवाए। उनके 16 अंक रहे और वे चौथे पायदान पर रहे। अब जान लेते हैं कि आज के मैच की पिच रिपोर्ट क्या कहती है।
कैसी है लखनऊ-मुंबई एलिमिनेटर मैच की पिच रिपोर्ट? (LSG vs MI Pitch Report)
आज लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाने वाला एलिमिनेटर मैच चेन्नई के चेपक मैदान पर खेला जाएगा। पिछली रात इसी मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच पहला क्वालीफायर मैच भी खेला गया था, जिसमें मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित होती आई है, लेकिन उतना ही फायदा स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों को भी मिला है। ऐसे में इस मैदान पर सभी के लिए कुछ ना कुछ मौजूद रहेगा। वैसे स्पिनर्स यहां मैच पलटने का दम रखते हैं, खासतौर पर जब वे लक्ष्य का बचाव कर रहे हों। उमस के बीच भी स्पिनर्स ने यहां की पिच पर शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है।
आज कैसा होगा चेन्नई का मौसम? (Chennai Weather Today)
लखनऊ और मुंबई के बीच एलिमिनेटर मैच चेन्नई में खेला जाना है और यहां गर्मी का प्रकोप वैसा ही है जैसा कि सबको उम्मीद रही है। अच्छी खबर ये है कि आज यहां बारिश की कोई उम्मीद नहीं है तो फैंस निश्चिंत होकर पूरे मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। दिन में तेज धूप रहेगी, मुकाबला शाम को है इसलिए खिलाड़ियों को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन फिर भी सुबह की तपिश और शाम की उमस खिलाड़ियों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। आज चेन्नई के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
ये मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। मैच में खेलने वाली दोनों टीमों में कई स्टार खिलाड़ी मौजूद रहेंगे लेकिन इस मामले में मुंबई इंडियंस का पलड़ा काफी भारी है। रोहित शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, कैमरन ग्रीन जैसे तमाम धुरंधर खिलाड़ी मुंबई की टीम में मौजूद हैं। जबकि लखनऊ के पास भी क्रुणाल पांड्या, मार्कस स्टोइनिस, क्विंटन डी कॉक जैसे धुरंधर मौजूद हैं जो किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं।
