चेन्नई: आईपीएल 2023 के लिए दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के कंधों पर चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें आगामी सीजन से पहले सीएसके का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। ब्रावो साल 2008 से लगातार आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। ब्रावो सीएसके में लक्ष्मीपति बालाजी की जगह लेंगे। वो एक साल का ब्रेक ले रहे हैं। हालांकि वो चेन्नई सुपर किंग्स अकादमी से जुड़े रहेंगे।
नई यात्रा के लिए हूं पूरा तरह तैयार
ब्रावो ने चेन्नई का गेंदबाजी कोच बनने के बाद कहा, मैं इस नई यात्रा के लिए तैयार हूं क्योंकि मैं बतौर खिलाड़ी सफर खत्म होने के बाद इसी भूमिका में खुद को देख रहा था। मुझे गेंदबाजों के साथ काम करने में आनंद आता है और मैं अपनी भूमिका को लेकर बेहद उत्साहित हूं। मुझे नहीं लगता है कि गेंदबाजी कोच के रूप में मुझे कोई ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि मैदान पर भी गेंदबाजों के साथ हमेशा काम करता था। मैं अपने प्लान के साथ आता था और गेंदबाजों को यह बताता था कि बल्लेबाजों से एक कदम आगे कैसे रहना है। खिलाड़ी और कोच के रूप में केवल एक बदलाव होने वाला है कि मैं गेंदबाजों को सलाह देने के लिए मिड ऑन या मिड ऑफ में नहीं खड़ा रहूंगा।आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजब्रावो आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम 161 मैच में 183 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने ये विकेट 23.82 के औसत और 8.38 की इकोनॉमी के साथ ये विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 4 विकेट रहा। दो बार उन्होंने 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए। इसी दौरान ब्रावो ने बल्ले से भी धमाल मचाया और 1560 रन बनाए। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में चार खिताब जीते।
