पंजाब किंग्स ने दिल्ली को उसके घर में हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। दिल्ली के सामने 168 रन का लक्ष्य था, लेकिन एक बार फिर टीम की बल्लेबाजी नहीं चली। डेविड वॉर्नर के 54 रन की पारी के अलावा कोई भी बल्लेबाज पंजाब के स्पिन गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। नतीजा टीम 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना सकी।
पंजाब की तरफ से गेंदबाजी में जीत के हीरे रहे हरप्रीत बरार जिन्होंने 4 ओवर की गेंदबाजी करके 30 रन देकर 4 विकेट झटके। बरार के अलावा राहुल चाहर और नाथन एलिस ने 2-2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ पंजाब की टीम प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली के प्लेऑफ का सफर खत्म हो गया है।
इससे पहले पंजाब ने बल्लेबाजी करते हुए प्रभसिमरन सिंह के शानदार शतकीय पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। प्रभसिमरन ने 65 गेंद पर 103 रन की पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के जड़े।
इस हार के बाद दिल्ली की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। हार के बाद दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया। प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और हमने मैदान में कुछ मौके गंवाए, जिसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ा। जब आप पावरप्ले में ज्यादा विकेट गंवा देते हैं तो आप मैच जीतने की स्थिति में नहीं होते।
अब हमें अपने प्राइड के लिए खेलना है। हम अच्छी शुरुआत के बावजूद फिनिश नहीं कर पाए। हमने परफैक्ट इलेवन खिलाया था, लेकिन जब आप जल्दी-जल्दी 3-4 विकेट गंवा देते हो तो आप इस लेवल पर कुछ नहीं कर सकते।
