क्रिकेट

CSK vs RR: राजस्थान के लड़ाकों ने आखिरी गेंद में छीनी चेन्नई के सुपर किंग्स से जीत, ऐसा रहा आखिरी 6 गेंदों का रोमांच

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 13, 2023, 12:47 AM IST

आईपीएल 2023 में बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मैच का नतीजा आखिरी गेंद पर निकला। अनुभवी संदीप शर्मा एमएस धोनी के स्ट्राइक पर रहते राजस्थान को रोमांचक जीत दिला गए। ऐसा रहा आखिरी 6 गेंदों का रोमांच।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स,आईपीएल 2023

IPL 2023, CSK vs RR Last Over: आईपीएल 2023 का रोमांच इन दिनों सिर चढ़कर बोल रहा है। हर दिन मैच का नतीजा आखिरी गेंद में रोमांचक अंदाज में निकल रहा है। बुधवार को भी चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में ऐसा ही हुआ। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए और जीत के लिए चेन्नई के सामने 176 रन का लक्ष्य रखा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच आखिरी ओवर में कांटे की टक्कर हुई और हार की जीत का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ। पिच पर एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा की जोड़ी थी। वहीं गेंद अनुभवी संदीप शर्मा के हाथों में थी। उसके बाद ऐसा रहा मैच की आखिरी 6 गेंदों का रोमांच।

पहली गेंद, जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 21 रन :

स्ट्राइक पर एमएस धोनी, संदीप शर्मा ने ऑफ स्टंप के बाहर स्लोअर बाउंसर डालने की कोशिश की और नियंत्रण खो बैठे। अंपायर ने व्हाइड का इशारा किया और चेन्नई के खाते में एक रन और एक अतिरिक्त गेंद जुड़ गई।

पहली गेंद, जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 20 रन :

स्टाइक हाथ में लिए संदीप शर्मा ने एक बार फिर नियंत्रण खोया और गेंद लेग स्टंप्स के बाहर फेंकी। एक बार फिर चेन्नई के खाते में एक रन और एक अतिरिक्त गेंद जुड़ी।

पहली गेंद, जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 19 रन:

स्ट्राइक पर धोनी, संदीप शर्मा ने इस बार ऑफ स्टंप के बाहर सटीक यॉर्कर डाली। गेंद सीधे विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों में चली गई और कोई रन नहीं गया। संदीप शर्मा की शानदार वापसी धोनी ऐसी सटीक गेंद पर कुछ नहीं कर सके।

दूसरी गेंद, जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 19 रन:

स्ट्राइक पर एक बार फिर एमएस धोनी, इस बार संदीप शर्मा ने फुल टॉस गेंद फेकने की गलती कर दी जो धोनी के पैड्स के सामने थी। धोनी ने अपनी रडार में आई गेंद को खाली नहीं जाने दिया और उस सीधे डीप फाइन लेग की दिशा में छक्के के लिए भेज दिया।

तीसरी गेंद,जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 13 रन:

धोनी के सामने एक बार फिर संदीप शर्मा लो फुल टॉस डालने की भूल कर बैठे। गेंद धोनी के बल्ले के बीचों बीच लगी और मिड विकेट की दिशा में सीधे बाउंड्री के पार जा पहुंची। धोनी ने लगातार दो छक्के जड़कर मैच का रोमांच बढ़ा दिया।

चौथी गेंद,जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 7 रन:

इस बार धोनी के सामने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद फेंकी। धोनी ने गेंद को खींचकर डीप मिड विकेट की दिशा में भेजा और जहां और केवल एक रन ले सके।

पांचवीं गेंद,जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 6 रन:

इस बार स्ट्राइक पर रवींद्र जडेजा थे। ऐसे में उनके सामने संदीप ने एकदम सटीक यॉर्कर फेंकी जिसपर खुलकर शॉट खेलने की गुंजाइश नहीं थी। ऐसे में कवर की दिशा में उसे खेलकर जडेजा ने एक रन भागकर पूरा किया और आखिरी गेंद में एक बार फिर स्ट्राइक एमएस धोनी को दे दी।

छठी गेंद,जीत के लिए चेन्नई को चाहिए 5 रन:

संदीप शर्मा ने एक बार फिर अपने मजबूत पहलू यॉर्कर पर भरोसा जताया और माही के सामने ऑफ स्टंप पर सटीक गेंद डाली। धोनी ने गेंद के नीचे आने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे और डीप मिड विकेट की दिशा में भागकर एक रन ले सके और इसी के साथ राजस्थान ने 3 रन के अंतर से मैच जीत लिया। धोनी 17 गेंद में 32 और जडेजा 15 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। धोनी ने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के जड़े। वहीं जडेजा के बल्ले से एक चौका और 2 छक्के निकले।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article