IPL 2023, CSK vs GT: आईपीएल 2023 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में मंगलवार की रात चेन्नई के मैदान पर एक बार फिर करिश्मा हुआ। ऐसा करिश्मा जो फैंस पहले भी कई बार देख चुके हैं, लेकिन बार-बार देखना चाहते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले क्वालीफायर मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस को 15 रन से शिकस्त देकर 10वीं बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के कई नायक रहे लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा रहा जिसका प्रदर्शन बड़े मैच में फिर निखरते हुए सामने आया।
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। चेन्नई की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। लेकिन एक समय ऐसा था कि ये स्कोर भी बनता नहीं दिख रहा था क्योंकि गुजरात के गेंदबाज पारी के अंत में हावी होते दिखाई दे रहे थे, तभी रविंद्र जडेजा पिच पर आए और शुरू किया धमाल।
जडेजा ने 16 गेंदों में 22 रनों की पारी खेली और इसी पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स 172 के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही। वैसे तो ओपनर और मैन ऑफ द मैच रुतुराज गायकवाड़ 60 रन बनाकर शीर्ष पर नजर आए लेकिन जडेजा का धमाल सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा।
जब गुजरात टाइटंस की टीम जवाब देने उतरी तो जडेजा सबसे शानदार व किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवरों में कुल 18 रन देते हुए 2 विकेट झटके। उनके दो विकेट भी दासुन शनाका और डेविड मिलर जैसे धुरंधर बल्लेबाजों के थे जो कभी भी गुजरात टाइटंस को जीत की तरफ ले जा सकते थे। जडेजा के इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उनको मैन ऑफ द मैच का खिताब तो नहीं मिला लेकिन इस अनुभवी ऑलराउंडर ने फिर दिखा दिया कि वो ही धोनी के सबसे बड़े 'सुपर किंग' हैं।
