क्रिकेट

IPL 2023, GT vs CSK Highlights: गुजरात को पहली बार हराकर 10वीं बार फाइनल में पहुंची चेन्नई सुपर किंग्स

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated May 24, 2023, 12:04 AM IST

IPL 2023 IPL 2023, GT vs CSK Highlights: आईपीएल 2023 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात को 15 रन से हरा दिया। गुजरात के सामने जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य था, लेकिन गुजरात की टीम 157 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ ही चेन्नई फाइनल में पहुंच गई है।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स (साभार-IPL/BCCI)

IPL 2023 , GT vs CSK Highlights: आईपीएल के पहले क्वालीफायर मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 15 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। गुजरात के सामने जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य था, लेकिन चेन्नई के स्पिन गेंदबाजी के सामने गुजरात की एक न चली और टीम 20 ओवर में केवल 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गुजरात की तरफ से शुभमन गिल ने सर्वाधिक 42 रन की पारी खेली। यह 10वां मौका है जब चेन्नई ने आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है। चेन्नई के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। दीपक चाहर, रवींद्र जडेजा, महेश तीक्ष्णा और मथिसा पाथिराना ने 2-2 विकेट झटके।

इससे पहले चेन्नई ने रुतुराज गायकवाड के 60 रन की पारी के दम पर डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के सामने 173 रन का लक्ष्य रखा था। गायकवाड के अलावा डेवॉन कॉन्वे ने 34 गेंद में 40 रन की पारी खेली। गुजरात की तरफ से मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने 2-2 विकेट झटके।

गुजरात टाइटंस की पारी

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गुजरात को पहला झटका 22 रन के स्कोर पर लगा जब रिद्दिमान साहा 11 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दीपक चाहर ने मथिसा पाथिराना के हाथो कैच करवाया। जल्द ही गुजरात ने हार्दिक पांड्या का विकेट गंवा दिया जो 8 रन बनाकर महेश तीक्ष्णा की गेंद पर आउट हुए। स्पिन गेंदबाजों के सामने गुजरात ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। नतीजा टीम 100 रन के भीतर 6 विकेट गंवाकर संघर्ष कर मैच से बाहर निकल गई। टीम 20 ओवर में केवल 157 रन ही बना पाई। सर्वाधिक 42 रन की पारी शुभमन गिल ने खेली। गिल के अलावा राशिद खान ने 16 गेंद पर 30 रन की पारी खेली।

चेन्नई सुपर किंग्स की पारी

चेन्नई की तरफ से एक बार फिर डेवॉन कॉन्वे और रुतुराज गायकवाड ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 63 गेंद में 87 रन जोड़े। गायकवाड 44 गेंद में 60 रन की पारी खेल मोहित शर्मा की गेंद पर डेविड मिलर के हाथो आउट हुए। जल्द ही स्पिन गेंदबाज नूर अहमद ने शिवम दुबे को बोल्ड किया। उन्होंने 1 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए कॉन्वे और रहाणे ने 31 रन जोड़े। रहाणे 10 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। जल्द ही डेवॉन कॉन्वे 34 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद शमी ने राशिद खान के हाथो कैच करवाया।

पहली बार गुजरात को हराया

इस मैच से पहले चेन्नई के खिलाफ गुजरात का स्कोर 3-0 था, लेकिन चेन्नई ने गुजरात को हराकर इस स्कोर को 3-1 कर लिया है। 2 साल में यह पहला मौका है जब चेन्नई की टीम गुजरात के खिलाफ जीती है।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article