IPL 2023 Auction Mumbai Indians (MI) Target Players List: आईपीएल 2023 अब कुछ महीने दूर है और इसके उत्साह को बढ़ाने का काम करेगा आईपीएल 2023 के लिए होने वाले खिलाड़ियों का ऑक्शन (IPL 2023 Auction)। इस बार की नीलामी छोटी होगी और पहले के मुताबिक टीमों के पास उनके पर्स में पैसा भी उतना नहीं बचा है। इसी को नजर में रखते हुए खिलाड़ियों की स्मार्ट खरीद करनी होगी। सर्वाधिक खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस इस आईपीएल नीलामी में किन 3 खिलाड़ियों को टारगेट कर सकती है, आइए जानते हैं।
रिली रूसो (दक्षिण अफ्रीका)
इस दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ने टी20 विश्व कप 2022 में जमकर धमाल मचाया और इससे पहले भी वो सीमित ओवर क्रिकेट में एक धाकड़ खिलाड़ी साबित होते आए हैं। उनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये है। इस समय टी20 क्रिकेट में वो तकरीबन 177 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं और उनके नाम इस प्रारूप में दो शतक भी हैं। मुंबई की टीम उन पर दांव लगा सकती है।
बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
इसमें कोई शक नहीं है कि इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सीमित ओवर क्रिकेटरों में शुमार किए जाते हैं। हाल में अपनी टीम को टी20 विश्व कप 2022 जिताने वाले इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने आईपीएल 2023 ऑक्शन के लिए अपना नाम दे दिया है। ऐसे में बड़ी बात नहीं है कि उन पर कई टीमों में बोली की टक्कर हो। ऐसे में मुंबई इंडियंस जोफ्रा आर्चर जैसे दिग्गज के बाद इस इंग्लिश धुरंधर को भी खरीदना चाहेगी।
कैमरन ग्रीन (ऑस्ट्रेलिया)
इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने टी20 विश्व कप 2022 में अपना अलग ही रूप दिखाया। लंबे-चौड़े ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने जैसे ही खुद को आईपीएल नीलामी के लिए उपलब्ध कराया सभी टीमों की नजरें उन पर टिक गईं। उनको लेकर बोली काफी ऊंची जा सकती है, ऐसे में मुंबई इंडियंस उन टीमों में जरूर रहेगी जो इस खिलाड़ी पर दांव खेलना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस के पास कितने रुपये बाकी हैं?
आईपीएल 2023 की नीलामी में मुंबई इंडियंस के पास उनके पर्स में खर्च करने के लिए 20 करोड़ 55 लाख रुपये हैं। वो इससे पहले अपनी टीम खड़ी करने के लिए 74.75 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं।
