दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने हैदराबाद को 34 रन से हरा दिया। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 189 रन का लक्ष्य था, लेकिन गुजरात के तेज गेंदबाजी के सामने हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना सकी। हैदराबाद की तरफ से हेनरिक क्लासेन ने सर्वाधिक 64 रन की पारी खेली। क्लासेन के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने 27 रन की पारी खेली।
इससे पहले गुजरात ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल के मेडन आईपीएल सेंचुरी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। शुभमन गिल ने 58 गेंद पर 101 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 1 छक्का लगाया।
हार के बाद क्या बोले मार्करम?
गुजरात के खिलाफ 34 रन से मिली हार के बाद हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने कहा कि हम पहले हाफ तक मैच में बने हुए थे, लेकिन जब आप पावरप्ले में 4 विकेट गंवा देते हैं तो फिर आगे मुश्किल हो जाता है। शुभमन गिल की पारी शानदार थी।
हेनरिक क्लासेन की तारीफ की
उन्होंने हैदराबाद की तरफ से 44 गेंद में 64 रन की पारी खेलने वाले हेनरिक क्लासेन की तारीफ की। 'वह एक महान खिलाड़ी है और मैं उसके लिए बहुत खुश हूं, दुनिया उसकी क्लास और ताकत देख सकती है। हममें से बाकी लोगों ने उसका साथ नहीं दिया। जिस तरह से उसने प्रदर्शन किया है उसके बाद उसके लिए हार स्वीकार करना कठिन है।'
मार्करम ने बाकी बचे दो मैचों को लेकर कहा 'हम कोशिश करेंगे कि उसे अपने प्राइड के लिए जीता जाए और इस लीग को शानदार तरीके से खत्म किया जाए। आपको बता दें कि दिल्ली के बाद हैदराबाद का भी प्लेऑफ में पहुंचने का सपना लगभग टूट चुका है।
