क्रिकेट

IND W vs AUS W, Women's ODI World Cup 2025: भारतीय महिलाओं की कल होगी कंगारुओं से करो या मरो वाले मुकाबले में भिड़ंत, टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को दिखाना होगा दम

भारतीय महिला टीम रविवार को विशाखापट्टनम में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने जा रही है। महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह भारतीय टीम के लिए करो या मरो का मुकाबला बन गया है। आइए जानते हैं मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारतीय महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला, मैच प्रीव्यू

विशाखापट्टनम: जीत के करीब पहुंचकर पिछला मैच गंवाने वाली भारतीय टीम का महिला विश्व कप के सबसे कठिन मुकाबले में सात बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से शनिवार को सामना होगा तो खराब फॉर्म से जूझ रहे उसके शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को जिम्मेदारी से खेलना होगा वरना सेमीफाइनल की राह असंभव हो जायेगी। आईसीसी टूर्नामेंट में पहली खिताबी जीत का इंतजार कर रही भारतीय टीम ने पहले दो मैचों में निचले क्रम के प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया लेकिन यहीं एसीए वीडीसीए स्टेडियम पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार को टूर्नामेंट की पहली कठिन परीक्षा में हरमनप्रीत कौर की टीम को पराजय का सामना करना पड़ा।

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है भारत, हार बिगाड़ेगी समीकरण

भारतीय टीम अभी तीन मैचों में चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर है और एक और हार उसे तालिका में नीचे धकेल देगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया तीन मैच में पांच अंक लेकर शीर्ष पर है। दक्षिण अफ्रीका से हार ने सेमीफाइनल की भारत की राह कठिन कर दी है चूंकि अब अगले तीनों मैचों में भारत को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी दिग्गज टीमों से खेलना है और अब कोई भी कोताही भारी पड सकती है। लगातार तीसरे मैच में सितारों से सजा भारत का शीर्षक्रम नाकाम रहा और आठवें नंबर पर उतरी रिचा घोष के 94 रन की मदद से मेजबान टीम 251 रन बना सकी। जवाब में गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत दिलाई लेकिन आठवें नंबर की बल्लेबाज नेडाइन डि क्लार्क के 54 गेंद में नाबाद 84 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट से हरा दिया।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खली थी छठे गेंदबाज की कमी

इस हार ने भारतीय शीर्षक्रम की नाकामी को लेकर चिंता बढ़ा दी और एक छठे गेंदबाज की कमी भी महसूस हुई । वनडे विश्व कप में आखिरी बार 2017 में इंग्लैंड में सेमीफाइनल में 115 गेंद में 171 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने वाली मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत का बल्ला अभी तक खामोश है जो पिछले तीन मैचों में 21,19 और नौ रन ही बना सकी हैं जबकि इस साल शानदार प्रदर्शन करने वाली स्मृति मंधाना ने 8, 23 और 23 रन बनाये हैं। वहीं मध्यक्रम में जेमिमा रौड्रिग्स ने पाकिस्तान के खिलाफ 32 रन बनाये लेकिन बाकी दोनों मैचों में खाता भी नहीं खोल सकी और तीनों बार बायें हाथ की स्पिनरों ने उन्हें आउट किया। भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में से कोई भी तीन मैचों में अर्धशतक नहीं बना सका है। कप्तान हरमनप्रीत ने भी हार के लिये शीर्षक्रम को जिम्मेदार ठहराते हुए मैच के बाद कहा था 'हम शीर्षक्रम में जिम्मेदारी के साथ नहीं खेल सके । हमें इसमें सुधार करना होगा और बड़े स्कोर बनाने होंगे । हमें आत्ममंथन करके सकारात्मक सोच के साथ उतरना होगा।'

भारत के टॉप ऑर्डर को दिखाना होगा दम

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक समय एक विकेट पर 83 रन के बाद भारत ने 19 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिये। स्नेह राणा और रिचा ने 88 रन की साझेदारी नहीं की होती तो सम्मानजनक स्कोर भी नहीं बनता। वहीं पाकिस्तान पर जीत में सूत्रधार रही तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शुरूआत अच्छी की लेकिन 47वें ओवर में क्लार्क ने उन्हें दो छक्के और एक चौका लगाकर मैच की तस्वीर पलट दी। गेंदबाज डि क्लार्क और क्लो ट्रायोन के बल्लों पर अंकुश लगाने या बड़ी साझेदारी से रोकने में नाकाम रहे। ऐसे में भारत को एक और गेंदबाज की कमी बुरी तरह खली।

विजय रथ पर सवार है ऑस्ट्रेलियाई टीम

दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक एक भी मैच नहीं गंवाया है और पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट 76 रन पर गंवाने वाली गत चैम्पियन टीम को बेथ मूनी ने शतक जमाकर संकट से निकाला । वहीं गेंदबाजी में तेज गेंदबाज किम गार्थ, मेगान शूट और अनाबेल सदरलैंड ने मिलकर सात विकेट चटकाये। वनडे विश्व कप में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक हुए 12 मुकाबलों में से नौ बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है जबकि भारत को 2009 में दो बार और 2017 में जीत मिली है। इंग्लैंड में 2017 में सेमीफाइनल में मिली जीत की सूत्रधार हरमनप्रीत थी जिन्होंने 115 गेंद में 175 रन की मैराथन पारी खेली थी जबकि स्पिनर दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाये थे। इन दोनों खिलाड़ियों से उस प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी।

ऐसी हैं दोनों टीमें:

भारतीय महिला क्रिकेट टीम :

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड।

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम:

एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, हीथर ग्राहम, एलेना किंग, फीबी लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिन्यु, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगान शूट , अनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहैम।

मैच का समय : दोपहर तीन बजे से ।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article