क्रिकेट

IND vs ENG: क्या टीम इंडिया को खलेगी विराट कोहली की कमी? इंग्लैंड के उपकप्तान ने दी अपनी राय

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के उपकप्तान ओली पोप ने बताया है कि क्या भारतीय टीम को विराट कोहली की कमी आगामी टेस्ट सीरीज में खलेगी?

Image

विराट कोहली (साभार BCCI)

नई दिल्ली: इंग्लैंड के उपकप्तान ओली पोप का मानना है कि शुभमन गिल की अगुआई वाली युवा भारतीय टीम में काफी गहराई और प्रतिभा है लेकिन 20 जून से लीड्स में शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला के दौरान उसे विराट कोहली की चमक की कमी खलेगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत ने इस हाई-प्रोफाइल श्रृंखला के लिए युवा टीम का चयन किया है।

खलेगी विराट कोहली की चमक की कमी

पोप ने ‘टॉकस्पोर्ट’ क्रिकेट से कहा,'यह एक युवा टीम है लेकिन इन भारतीय खिलाड़ियों में बहुत गहराई और प्रतिभा है। इसलिए उनके पास बहुत से युवा खिलाड़ी हैं। बहुत से अच्छे खिलाड़ी हैं। उनके नए कप्तान शुभमन गिल एक शानदार खिलाड़ी हैं। उन्हें स्लिप में खड़े होकर चहकने वाले विराट कोहली की चमक की कमी खलेगी। लेकिन उनके पास कुछ अच्छी प्रतिभाएं हैं इसलिए वे आत्मविश्वास से भरे होंगे। लेकिन हमारे खिलाड़ी इसके लिए तैयार हैं।'

18 साल से इंग्लैंड में सीरीज नहीं जीता है भारत

भारत ने 2007 के बाद से इंग्लैंड में कोई टेस्ट श्रृंखला नहीं जीती है। 2011, 2014 और 2018 में उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि 2021-22 की श्रृंखला ड्रॉ रही। पोप ने आगामी श्रृंखला को इस साल के अंत में होने वाली एशेज की इंग्लैंड की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा,'हमारे लिए भारत के साथ खेलने का यह एक बेहतरीन समय है। पिछली गर्मियों में हमने वेस्टइंडीज और श्रीलंका के साथ खेला था। भारत के साथ खेलने का यह एकदम सही समय है और फिर एक बार जब एशेज आ जाएगी तो यह रोमांचक होगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article