क्रिकेट

क्रिकेट लीग के नाम पर हुआ बड़ा स्कैम! होटल में फंसे क्रिस गेल -राइडर जैसे बड़े खिलाड़ी

Indian Heaven Premier League: कश्मीर से नई क्रिकेट प्रतिभा को खोजने के लिए एक बड़ी प्रतियोगिता के तौर पर पेश की गई इंडियन हेवन प्रीमियर लीग (आईएचपीएल) एक घोटाला साबित हुई है क्योंकि इसके आयोजक भाग गए हैं जिससे क्रिस गेल जैसे कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण यहां एक होटल में फंस गए हैं।

Image

क्रिस गेल (फोटो- X)

Indian Heaven Premier League: कश्मीर घाटी में नई क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से शुरू की गई 'इंडियन हेवन प्रीमियर लीग' (IHPL) एक बड़ा घोटाला साबित हुई है। इस लीग के आयोजक बकाया बिलों का भुगतान किए बिना ही फरार हो गए हैं, जिसके चलते क्रिस गेल समेत कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टार होटल में फंस गए हैं क्योंकि होटल प्रबंधन ने उन्हें भुगतान होने तक जाने से रोक दिया है।

बड़े नामों के साथ शुरू हुई लीग, अचानक हुआ पर्दाफ़ाश

अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में मोहाली स्थित युवा सोसाइटी द्वारा बड़े धूमधाम से शुरू की गई आईएचपीएल ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम का सहारा लिया था। शहर भर में क्रिस गेल, डेवोन स्मिथ, जेसी राइडर और शाकिब अल हसन जैसे क्रिकेटरों के विशाल बिलबोर्ड लगाए गए थे, जिसमें यह घोषणा की गई थी कि ये मेगास्टार स्थानीय प्रतिभाओं के साथ इस लीग में खेलेंगे, जिसे 8 नवंबर को समाप्त होना था। अधिकतर मुकाबले बख्शी स्टेडियम में खेले गए, जहाँ ब्रेक के दौरान संगीत भी बजता था।

बकाया भुगतान न होने पर खिलाड़ी फंसे, होटल में रोके गए

यह लीग शनिवार को अचानक तब खत्म हो गई जब खिलाड़ियों ने बकाया पैसा नहीं मिलने के कारण मुकाबलों के लिए मैदान पर आने से मना कर दिया। जैसे ही आयोजक अचानक गायब हुए, होटल मालिकों ने खिलाड़ियों को तब तक जाने से रोक दिया जब तक कि उनके आवास और अन्य सेवाओं का बकाया भुगतान नहीं हो जाता। गेल और अन्य विदेशी खिलाड़ी अब होटल में फंस गए हैं।

यह मामला तब सामने आया जब प्रतियोगिता में अंपायरिंग कर रहीं इंग्लैंड की मेलिसा जूनिपर ने सार्वजनिक रूप से बताया कि उन्हें भुगतान नहीं मिला है। जूनिपर ने कहा कि उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला है, और होटल स्टाफ ने ही उन्हें 'गायब आयोजकों' के बारे में बताया था। पुलिस ने होटल का दौरा किया है, हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है कि आयोजकों के खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू की गई है या नहीं।

लीजेंड्स लीग की सफलता से प्रेरित आयोजक

युवा सोसाइटी के चेयरमैन परमिंदर सिंह ने पिछले साल कश्मीर में हुई सफल लीजेंड्स लीग क्रिकेट टूर्नामेंट से प्रेरित होकर आईएचपीएल आयोजित करने का निर्णय लिया होगा। पिछले साल हुई निजी लीग ने भारी भीड़ खींची थी, क्योंकि स्थानीय लोगों को लगभग 40 साल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का मौका मिला था।

आईएचपीएल के लिए आठ टीमें बनाई गई थीं, जिनमें श्रीनगर सुल्तांस, जम्मू लायंस, लद्दाख हीरोज, पुलवामा टाइटन्स, उरी पैंथर्स, गुलमर्ग रॉयल्स, पटनीटॉप वारियर्स और किश्तवाड़ जाइंट्स शामिल थीं। प्रत्येक टीम में एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को शामिल किया गया था।

भीड़ जुटाने में विफल रहा IHPL, उठे गंभीर सवाल

दुर्भाग्य से, गेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद, आईएचपीएल में दर्शक नहीं जुटे। आयोजकों ने टिकटों पर भारी छूट दी और बिक्री बढ़ाने के लिए स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उमर जरगर की सेवाएं भी लीं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

अब यह सवाल उठाया जा रहा है कि इतने बड़े टूर्नामेंट के आयोजन का कोई पूर्व अनुभव नहीं होने के बावजूद युवा सोसाइटी को मैच की मेजबानी के लिए जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के बख्शी स्टेडियम का उपयोग कैसे करने दिया गया।

खेल परिषद की सचिव नुजहत गुल ने इस मामले में पल्ला झाड़ते हुए कहा, "मेरा आईएचपीएल से कोई लेना-देना नहीं है। मैं उद्घाटन समारोह में सिर्फ एक मेहमान के तौर पर मौजूद थी।" उन्होंने पुष्टि की कि आयोजक सिर्फ जगह का इस्तेमाल मैच की मेजबानी के लिए करना चाहते थे और उन्होंने किराया दे दिया था।

युवा सोसाइटी ने अपनी वेबसाइट पर आईएचपीएल की घोषणा करते समय पूर्व क्रिकेटरों सुरेंद्र खन्ना और आशु दानी की तस्वीरों का इस्तेमाल किया, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इन दोनों की संगठन में कोई भूमिका थी या नहीं।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article