सिडनी: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए गुरुवार का दिन शानदार रहा। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड में 56 रन से मात दी। वहीं मैच के दौरान एक फैन ने अपनी गर्लफ्रेंड को दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में प्रपोज किया और लड़की ने जवाब में हां कहा।
यह घटना नीदरलैंड्स की पारी के सातवें ओवर की है जब कैमरामैन ने ओवर की पहली गेंद के बाद कैमरा दर्शकों की तरफ मोड़ा। प्रशंसक एक घुटने के बल पर बैठा और लड़की को अंगूठी दिखाकर शादी का प्रस्ताव दिया। लड़की पहली नजर में हैरान नजर आई, लेकिन फिर उसने हां कहां और लड़के ने लड़की को अंगूठी पहना दी। स्टैंड्स में मौजूद दर्शकों ने इस कपल के लिए चीयरिंग की और इन्हें शुभकामनाएं दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जहां तक मैच की बात है तो भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स को मात देकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप में दो मैचों में चार अंक हो गए हैं। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4 विकेट से मात दी थी। अब रोहित शर्मा की ब्रिगेड का सामना दक्षिण अफ्रीका से पर्थ में होगा, जहां की पिच तेज गेंदबाजों के मुफीद मानी जाती है। प्रोटियाज टीम के पास शानदार तेज गेंदबाज हैं और भारतीय बल्लेबाजों के साथ उनका मजेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बहरहाल, भारतीय टीम के बल्लेबाज भी इस मुकाबले में अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं। केएल राहुल को छोड़ दे तो टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव लय में लौट चुके हैं। इन तीनों बल्लेबाजों ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अर्धशतक जमाए। भारतीय टीम का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला 30 अक्टूबर को होगा।
