क्रिकेट

भारत की प्रतीका रावल और इंग्लैंड की टीम को सजा, लगाया गया जुर्माना

Pratika Rawal And England Women Cricket Team Fined: प्रतीका रावल और इंग्लैंड की टीम पर शुक्रवार को साउथम्पटन में खेले गए तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया।

Image

प्रतिका रावल और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज प्रतीका रावल और इंग्लैंड की टीम पर शुक्रवार को साउथम्पटन में खेले गए तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। रावल पर दो अलग-अलग घटनाओं में लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया।

रावल को 18वें ओवर के दौरान इंग्लैंड की गेंदबाज लॉरेन फाइलर और उसके अगले ओवर में सोफी एक्लेस्टोन के साथ अनावश्यक शारीरिक संपर्क बनाने का दोषी पाया गया। आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा, "भारतीय सलामी बल्लेबाज को थोड़े अंतराल के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं के लिए दंडित किया गया।"

इसमें कहा गया है, "उन्होंने 18वें ओवर में एक रन लेते समय गेंदबाज लॉरेन फाइलर के साथ शारीरिक संपर्क बनाया, जिससे उन्हें बचना चाहिए था। अगले ओवर में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय उन्होंने गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी ऐसा संपर्क बनाया।" इस प्रकार रावल के रिकार्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था।

भारत ने पहला वनडे चार विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। आईसीसी ने इसके साथ ही कहा कि उसने धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड की टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है, क्योंकि उसने निर्धारित समय में एक ओवर कम किया था।

बयान के अनुसार, "रावल और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने मैच रेफरी सारा बार्टलेट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article