बड़ौदा: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में अपना पुराना रूप दिखाया और करियर का आठवां शतक जड़ दिया। जिंबाब्वे के खिलाफ बड़ौदा में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। 2.4 ओवर में महज 19 के स्कोर पर कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पवेलियन लौट गई थीं। ऐसे में हरमनप्रीत कौर मुश्किल में फंसी टीम को उबारने मैदान में उतरीं। उन्होंने प्रतिका रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और मैच में भारतीय टीम की वापसी करा दी।
101 गेंद में जड़ा करियर का आठवां शतक
हरमनप्रीत ने संकटमोचक की भूमिका अदा करते हुए अपना अर्धशतक 51 गेंद में 7 चौके की मदद से पूरा किया। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए प्रतिका के साथ 124 (118) रन की साझेदारी की। प्रतिका (61)के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आएं तेजल जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद उपकप्तान दीप्ति शर्मा ने पूर्व कप्तान का साथ दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 89 गेंद में पूरी कर ली। इसके बाद हरमनप्रीत ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक 101 गेंद में 12 चौके की मदद से पूरा कर लिया। हरमनप्रीत 126(121) रन बनाकर पवेलियन लौटीं। टीम को 300 रन के पार पहुंचाने के बाद वो 47वें ओवर में कैच दे बैठीं।
मिताली राज का तोड़ा शतकों का रिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर विमेंस क्रिकेट में भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में स्मृति मंधाना के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज का 7 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंधाना ने करियर में 14 शतक जड़े हैं। हरमनप्रीत वनडे क्रिकेट में शतक जड़ने वाली सबसे उम्रदराज भारतीय महिला बैटर बन गई हैं। उन्होंने 37 साल, 231 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है।
वनडे में शतक जड़ने वाली चौथी सबसे उम्रदराज विमेन बैटर
हरमनप्रीत महिला क्रिकेट में एकदिवसीय मैचों में शतक जड़ने वाली दुनिया की चौथी सबसे उम्रदराज बैटर भी बनी हैं। सर्वाधिक उम्र में विमेंस एकदिवसीय क्रिकेट में शतक जड़ने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की बार्ब बेवेज के नाम दर्ज है। 44 साल पहले 39 साल 48 दिन की उम्र में उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में शतक जड़ा था। उनका वह रिकॉर्ड आज भी कायम है। इस सूची में दूसरे पायदान पर इंग्लैंड की जैनेट ब्रिटिन गैं। उन्होंने 1997 में 38 साल 161 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। इस सूची में तीसरे पायदान पर दक्षिण अफ्रीका की डेलिन टर्बलेश हैं उन्होंने 37 साल 289 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।
