India Squad for T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान, सूर्यकुमार यादव संभालेंगे कमान, शुभमन गिल बाहर
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Dec 20, 2025, 02:21 PM IST
भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में 7 फरवरी, 2026 से खेले जाने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। जानिए किस किस खिलाड़ी को मिली है टीम इंडिया में जगह?
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान (फोटो क्रेडिट ICC)
India T20 World Cup 2026 team: टी20 विश्व कप 2026 के लिए मेजबान भारत की टीम का ऐलान शनिवार 20 नवंबर, 2025 को अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने कर दिया है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 7 फरवरी से शुरू होने जा रहे टी20 विश्व कप में खिताब बचाने उतरेगी। भारतीय टीम में कोई बड़ा बदलाव विश्व कप से पहले नहीं हुआ है। टीम में पिछली बार खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य रहे सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या,शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और संजू सैमसन अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं। आइए जानते हैं किन खिलाड़ियों को मिला है टी20 विश्व कप में भारत का नेतृत्व करने का मौका?
गिल हुए बाहर, अक्षर बने उपकप्तान
शुभमन गिल को टी20 विश्व कप 2026 की टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। अक्षर पटेल को विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाल मचाने वाले ईशान किशन की टीम में वापसी हुई है। वो टीम के दूसरे विकेटकीपर होंगे। पहले विकेटकीपर के रूप में टीम को संजू सैमसन को जगह दी गई है। वहीं रिंकू सिंह को एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है। टीम में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती को बतौर स्पिनर जगह मिली है। वहीं तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे। उनका साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा होंगे। टीम में तीन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर को जगह मिली है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम (Team India squad for T20 World Cup 2026)
सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन(विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल(उपकप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, ईशान किशन(विकेटकीपर)
टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का शेड्यूल (India T20 World Cup 2026 Schedule)
भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 के लिए ग्रुप ए में यूएसए, नामीबिया, नीदरलैंड और पाकिस्तान के साथ जगह मिली है। भारतीय टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी, 2026 को अमेरिका के खिलाफ (IND vs USA) मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में करेगी। इसके बाद टीम इंडिया 12 फरवरी, 2026 को नामीबिया (IND vs NAM) से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगी। भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच महामुकाबला 15 फरवरी, 2026 को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप दौर का अंत 18 फरवरी, 2026 को नीदरलैंड (IND vs NED ) के खिलाफ अहमदाबाद में करेगी।