क्रिकेट

ICC Ranking: टी20 रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों को दबदबा बरकरार, अभिषेक और वरुण काबिज हैं दूसरे पायदान पर

आईसीसी की टी20आई रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों खासकर बल्लेबाजों का दबदबा बरकरार है। जानिए कौन सा भारतीय खिलाड़ी है किस पायदान पर।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार AP)

दुबई: भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ‘मिस्ट्री’ स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में क्रमश: बल्लेबाजों और गेंदबाजों की सूची में करियर का सर्वश्रेष्ठ दूसरा स्थान कायम रखा। हार्दिक पंड्या 252 अंक से हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं जिसमें नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी (233 अंक) दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस (210 अंक) तीसरे स्थान पर हैं।

चौथे और पांचवें पायदान पर है वर्मा और सूर्या का कब्जा

तिलक वर्मा और भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बुधवार को जारी इस रैंकिंग में क्रमश: चौथे और पांचवें नंबर पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड 856 रेटिंग अंक लेकर बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं जिसमें इंग्लैंड के फिल सॉल्ट 815 अंक से तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। अभिषेक के 829, तिलक वर्मा के 804 और सूर्यकुमार के 739 रेटिंग अंक हैं।

अकील हुसैन है दुनिया के नंबर वन टी20 गेंदबाज

गेंदबाजी सूची की अगुआई वेस्टइंडीज के अकील हुसैन (707 अंक) कर रहे हैं जिसमें चक्रवर्ती (706 अंक) उनसे महज एक अंक पीछे हैं और इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद (705 अंक) से एक अंक आगे हैं। श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा (700) और ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा (694 अंक) इनसे पीछे हैं। भारत के रवि बिश्नोई 674 अंक से छठे स्थान पर हैं जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 653 अंक से नौवां स्थान बरकरार रखा है।

जहां तक भारतीय खिलाड़ियों का संबंध है तो उनके स्थान में बदलाव नहीं हुआ है क्योंकि टीम ने जनवरी-फरवरी में घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के बाद से इस प्रारूप का कोई मैच नहीं खेला है।

टिम सीफर्ट और फिन एलेन को हुआ है फायदा

न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 2-0 से बढ़त बना ली है जिससे टिम सीफर्ट और फिन एलेन की सलामी जोड़ी के अलावा गेंदबाज जैकब डफी को काफी फायदा मिला है। सीफर्ट 20 पायदान की छलांग से 13वें स्थान पर जबकि एलेन आठ पायदान के लाभ से 18वें स्थान पर पहुंच गये। डफी ने दो मैच में छह विकेट झटके जिसमें पहले मैच में 14 रन देकर चार विकेट हासिल करने का करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है। इस प्रदर्शन की बदौलत वह 23 पायदान के फायदे से करियर की सर्वश्रेष्ठ 12वीं रैंकिंग पर पहुंच गये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article