क्रिकेट

IND-W vs THAI-W: भारत की कमाल, 37 पर किया ऑलआउट, 6 ओवर में जीता मैच

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 10, 2022, 03:01 PM IST

India Women vs Thailand Women, Women's Asia Cup 2022: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप में धमाकेेदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड की महिला क्रिकेट टीम को 9 विकेट से करारी मात दी। इस मैच में भारत ने थाईलैंड को कुल 37 रन पर समेटा और फिर 6 ओवर के अंदर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Image

भारत ने थाईलैंड को 9 विकेट से हराया (BCCI Women)

Ind-W vs Thai-W, Women's Asia Cup 2022 Match Highlights: कुछ दिन पहले जिस पाकिस्तानी टीम को हराकर थाईलैंड की महिला टीम ने महिला एशिया कप टी20 में उलटफेर किया था, वो भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सामने आते ही पूरी तरह पस्त हो गई। भारतीय टीम ने थाईलैंड को महज 37 रन पर ढेर करने के बाद आसानी से इस लक्ष्य को 6 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

भारत और थाईलैंड के बीच खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने अपने स्पिनर्स के दम पर थाईलैंड को पूरी तरह से बेबस कर दिया। भारत ने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर 13 रन पर थाईलैंड को पहला झटका दिया और फिर देखते-देखते 15.1 ओवर में पूरी थाईलैंड की टीम को 37 रन पर ऑलआउट कर दिया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तरफ से स्पिनर स्नेह राणा सबसे सफल स्पिनर साबित हुईं जिन्होंने 4 ओवर में 9 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उनके अलावा दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए जबकि एक विकेट मेघना सिंह ने भी लिया। दो खिलाड़ी रन आउट हुईं।

थाईलैंड की तरफ से सिर्फ उनकी विकेटकीपर ओपनर ननापट कोंचारेंकाई दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। उन्होंने 12 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। इसके बाद जवाब देने उतरी भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा और सभीनेनी मेघना को पारी की शुरुआत करने उतारा लेकिन शेफाली 8 रन बनाकर कैच आउट हो गईं। हालांकि इसके बाद मेघना (नाबाद 20) और पूजा (नाबाद 12) ने 6 ओवर के अंदर भारत को जीत दिला दी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article