बेंगलुरू: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया तीन मैच की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला हमेशा के लिए यादगार बन गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए 213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भी 20 ओवर में 212 रन ही बना सकी। जीत के लिए अफगानिस्तान को 19 रन बनाने थे लेकिन गुलबदीन नईब की 22 गेंद में 55 रन की नाबाद आतिशी पारी की बदौलत अफगानिस्तानी टीम 18 रन बना सकी और मुकाबला टाई होकर सुपर ओवर में अंतिम फैसले के लिए पहुंच गया। आइए जानें कैसा रहा सुपर ओवर का हाल?
अफगानिस्तान ने बनाए 6 गेंद में 16/1 रन
सुपर ओवर में अफगानिस्तान के लिए बल्लेबाजी करने गुलबदीन नाईब और रहमानुल्लाह गुरबाज की जोड़ी उतरी। वहीं गेंदबाजी के लिए एक बार फिर कप्तान रोहित शर्मा ने मुकेश कुमार पर भरोसा जताया। पहली यॉर्कर पर रहमानुल्लाह गुरबाज दो रन लेने की कोशिश में विकेटकीपर एंड पर विराट कोहली के सटीक थ्रो पर अपना विकेट गंवा दिया। एक गेंद के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 1 विकेट पर 1 रन हो गया। इसके बाद बल्लेबाजी करने मोहम्मद नबी उतरे। मुकेश कुमार ने फिर सटीक यॉर्कर मोहम्मद नबी के सामने फेकी। ऐसे में मिड ऑफ की दिशा में गेंद को भेजकर नबी ने एक रन ले लिया। तीसरी गेंद भी इन स्विंग थी जिसे कवर के ऊपर से खेलने की गुलबदीन नईब ने कोशिश की। ऐसे में गेंद बल्ले का किनारा लेकर थर्ड मैन की दिशा में चौके के लिए चली गई।
तीन गेंद बाद स्कोर 1 विकेट पर 6 रन हो गया। चौथी गेंद पर डीप प्वाइंट की दिशा में नईब ने मुकेश की व्हाइड यॉर्कर पर शॉट खेला और एक रन ले लिया। पांचवीं गेंद पर स्ट्राइक पर आए मोहम्मद नबी ने यॉर्कर लेंथ मिस करने वाली गेंद को फ्लिक करके मिडविकेट की तरफ छक्के के लिए पहुंचा दिया। स्कोर 4 गेंद पर 13 रन हो गया। अंतिम गेंद पर मुकेश ने व्हाइड यॉर्कर पर एक रन लिया लेकिन संजू सैमसन का थ्रो नॉन स्ट्राइकर एंड पर दौड़ रहे मोहम्मद नबी के पैर पर लगी। ऐसे में ओवर थ्रो के दो रन अफगानिस्तान के खाते में जुड़े और स्कोर 6 गेंद में 1 विकेट पर 16 रन हो गया।
टीम इंडिया बना सकी 16 रन
भारत ने 17 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा की जोड़ी उतरी। गेंदबाजी की जिम्मा अफगानिस्तान ने अजमतउल्लाह ओमरजई को दी। पहली गेंद पर रोहित शर्मा लेग स्टंप पर आई फुल टॉस गेंद को मिस कर गए। गेंद पैर पर लगी और एक रन भागकर रोहित ने लिया। दूसरी गेंद पर स्ट्राइक पर यशस्वी जायसवाल ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को स्कूप करने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले पर लगी और एक रन ले लिया। स्ट्राइक पर रोहित शर्मा आ गए। अगली गेंद पर पर रोहित ने मिड विकेट के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके बाद चौथी गेंद पर रोहित ने यॉर्कर के प्रयास को नाकाम करके कवर को ऊपर से छक्का जड़ दिया। पांचवीं गेंद पर रोहित ने गली की दिशा में रोहित ने एक रन लिया।
अंतिम गेंद पर जीत के लिए 2 रन बनाने थे स्ट्राइक पर यशस्वी जायसवाल थे। लेकिन गेंद फेंके जाने से पहले रोहित शर्मा रिटायर्ड आउट हो गए ताकि तेजी से भागने वाला बल्लेबाज बल्लेबाज नॉन स्ट्राइकर्स एंड पर हो। अंतिम गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने एक रन गेंद को विकेटकीपर तक पहुंचने तक भागकर लिया और स्कोर फिर बराबर हो गया और मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में चला गया।
5 गेंद पर 11 के स्कोर पर भारत ने गंवाए 2 विकेट
दूसरे सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने रोहित शर्मा और रिंकू सिंह की जोड़ी उतरी। नियमानुसार गेंदबाज फिर से दूसरे सुपर ओवर में नहीं आ सकते लेकिन बल्लेबाज आ सकते हैं। इसलिए दूसरे सुपर ओवर में भी रोहित-रिंकू की जोड़ी फिर से उतरी। इस बार गेंदबाजी करने फरीद अहमद आए। रोहित शर्मा ने पहली गेंद पर उनका स्वागत छक्के के साथ किया। ऑफ स्टंप के बाहर दूसरी गेंद पर एक हाथ से रोहित ने थर्ड मैन बाउंड्री की तरफ चौका जड़ दिया और स्कोर को 10 रन पर पहुंचा दिया। तीसरी गेंद पर रोहित शर्मा ऑफ स्टंप के बाहर आई यॉर्कर को कवर की दिशा में भेजकर एक रन ले लिया।
चौथी गेंद पर 11 के स्कोर पर स्ट्राइक पर रिंकू सिंह आए। चौथी गेंद पर सीधा छक्का जड़ने की कोशिश में रिंकू सिंह नाकाम रहे और कोई रन नहीं ले सके। चौथी गेंद पर भी ऐसा ही शॉट रिंकू ने खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई। तीसरे अंपायर ने रिव्यू के बाद रिंकू को आउट करार दिया। 4 ओवर में भारत का स्कोर 11/1 रन हो गया। रिंकू के बाद बल्लेबाजी करने संजू सैमसन उतरे। सैमसन ऑफ स्टंप के बाहर आई गेंद को नहीं खेल सके और गेंद सीधे विकेटकीपर गुरबाज के हाथों में गई जिसपर सटीक थ्रो से रोहित रन आउट हो गए। 2 विकेट गंवाते ही भारतीय टीम 5 गेंद में 11 रन बना सकी और अफगानिस्तान को 12 रन बनाने का लक्ष्य मिला।
अफगानिस्तान को मिला जीत के लिए 12 का लक्ष्य
दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान के लिए बल्लेबाजी करने मोहम्मद नबी और रहमानुल्लाह गुरबाज की जोड़ी उतरी। रोहित ने गेंद रवि बिश्नोई के हाथों में थमा दी। पहली ही गेंद पर सीधी शॉर्ट पिच गेंद पर नबी ने मिड ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ने की कोशिश की और चूक गए वहां खड़े रिंकू सिंह ने आसान कैच लपक लिया। ऐसे में करीम जन्नत बल्लेबाजी करने उतरे। ऑफ स्टंप के बाहर सटीक यॉर्कर पर जन्नत ने शॉट खेला और एक रन लिया। तीसरी गेंद पर फिर से रवि बिश्नोई ने गुरबाज को मिड ऑफ के ऊपर से शॉट खेलने को मजबूर किया और वो सटीक शॉट खेलने से चूक गए। ऐसे में वहां तैनात रिंकू ने फिर से कैच लपक लिया। 3 गेंद में बिश्नोई ने 1 रन देकर 2 विकेट झटक लिए। इसके साथ ही भारतीय टीम ने मैच और 3-0 के अंतर से सीरीज भी अपने नाम कर ली।
