देश

13 साल का सफर खत्म...आंध्र के डिप्टी सीएम पवन कल्याण और पत्नी अन्ना कोनिडेला ने किया अलग होने का ऐलान

सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी रजामंदी से बातचीत चल रही थी। इसके बाद कानूनी रूप से अलग होने के लिए फैमिली कोर्ट में औपचारिकताएं भी शुरू कर दी गई हैं।

Image

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला

Pawan Kalyan News: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण (Pawan Kalyan) की निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला (Anna Konidela) ने शादी के 13 साल बाद आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा कर दी है। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों और टॉलीवुड में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। देर रात जारी एक आधिकारिक संयुक्त बयान में इस जोड़े ने अपने अलग होने की पुष्टि की है।

इस बयान में कहा गया है, "हमने अपने जीवन का एक लंबा और महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद, अब आपसी समझ और गहरे सम्मान के साथ अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया है। भले ही हमारा वैवाहिक रिश्ता समाप्त हो रहा है, लेकिन हम एक अच्छे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों के प्रति माता-पिता के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे।" दंपति ने मीडिया और अपने समर्थकों से इस मुश्किल और संवेदनशील समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है ताकि उनके बच्चों की परवरिश पर इसका असर न पड़े।

कानूनी प्रक्रिया शुरू

सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी रजामंदी से बातचीत चल रही थी। इसके बाद कानूनी रूप से अलग होने के लिए फैमिली कोर्ट में औपचारिकताएं भी शुरू कर दी गई हैं।

पवन कल्याण और अन्ना की प्रेम कहानी

मूल रूप से रूसी नागरिक अन्ना लेझनेवा से पवन कल्याण की पहली मुलाकात साल 2011 में फिल्म 'तीन मार' (Teen Maar) के सेट पर हुई थी। कुछ वर्षों तक एक-दूसरे के साथ रिश्ते में रहने के बाद, इस जोड़े ने 30 सितंबर 2013 को रजिस्टर्ड मैरिज की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं—एक बेटी पोलिना अजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच।

पवन कल्याण की पिछली शादियां

अन्ना कोनिडेला से पहले पवन कल्याण की दो और शादियां रह चुकी हैं। उन्होंने 1997 में पहली शादी नंदिनी से की थी, जिनसे 2008 में उनका तलाक हुआ। इसके बाद 2009 में उन्होंने अभिनेत्री रेनू देसाई से दूसरी शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे (अखिरा नंदन और आध्या) हैं। हालांकि, साल 2012 में उनका यह रिश्ता भी टूट गया था। इसके बाद उन्होंने 2013 में अन्ना कोनिडेला (अन्ना लेझनेवा) का दामन थामा था, जो अब 13 साल बाद आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article