क्रिकेट

IND W vs SL W 4th T20I: श्रीलंका के खिलाफ जीत चौथे टी20 में का चौका जड़ने उतरेगी विमेंस टीम इंडिया

भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में रविवार को खेला जाएगा। सीरीज पर कब्जा कर चुकी टीम इंडिया की नजर जीत का चौका जड़ने पर हैं।

Image

भारतीय महिला बनाम श्रीलंकाई महिला, चौथा टी20 मैच प्रीव्यू (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

तिरुवनंतपुरम: पहले तीन मैच जीतकर श्रंखला अपने नाम कर चुकी भारतीय महिला टीम रविवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ चौथे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी अपना दबदबा कायम रखने की कोशिश करेगी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने पांच मैचों की इस श्रृंखला में अभी तक अपना दबदबा कायम रखा है। श्रीलंका की टीम अभी तक उसे किसी भी तरह की चुनौती नहीं दे पाई है। भारत श्रृंखला में 3-0 से आगे है।

भारत ने आक्रामक अंदाज में जीते हैं पहले तीन मैच

भारत ने पहले तीन मैच में लक्ष्य का पीछा किया और उसके दबदबे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसने किसी भी मैच में 14.4 ओवर से अधिक बल्लेबाजी नहीं की है, तीन से अधिक विकेट नहीं गंवाए हैं, और 129 रन से अधिक के लक्ष्य का सामना नहीं किया है। इस शानदार सफलता का श्रेय मुख्य रूप से भारतीय गेंदबाजों को जाता है। अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने दो मैचों में चार विकेट लिए हैं जबकि रेणुका सिंह ने शुक्रवार को ग्रीनफील्ड स्टेडियम में एक ही मैच में चार विकेट हासिल किए।

टॉस की भी रही है अहम भूमिका

टॉस ने भी थोड़ी भूमिका निभाई होगी क्योंकि हरमनप्रीत ने तीनों मौकों पर टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। इससे उनके गेंदबाजों को कम ओस वाली परिस्थितियों में गेंदबाजी करने का मौका मिला। भारतीय गेंदबाजों ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया है और अब तक किसी भी श्रीलंकाई बल्लेबाज को 40 रन की संख्या को पार नहीं करने दिया है। भारतीय श्रृंखला में कई तरह के संयोजन आजमा रहा है। अरुंधति रेड्डी ने पहले दो मैच खेले, जबकि अगले मैच में रेणुका ने इस तेज गेंदबाज की

जगह ली।

भारतीय टीम ने शुरू कर दी है टी20 विश्व कप की तैयारी

रेणुका ने तीसरे मैच के समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,'हम 2026 के टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संयोजन आजमा रहे हैं। हाल ही में वनडे विश्व कप जीतने के बाद हम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं और हम अपने लिए तय किए गए मानकों को बरकरार रखना चाहते हैं। भारतीय बल्लेबाजों ने भी गेंदबाजों का अच्छा साथ दिया। शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक बनाकर अपनी शानदार फॉर्म बनाए रखी है।

मंधाना नहीं हासिल कर पाई हैं लय

स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना अभी तक अपनी पूरी फॉर्म में नहीं आ पाई हैं। उन्होंने तीन मैचों में 13.33 के औसत और 100 से कम के स्ट्राइक रेट से 40 रन बनाए हैं। बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना बड़ी पारी खेलने के लिए उत्सुक होगी। यह भी देखना बाकी है कि क्या भारत इस मैच में युवा बल्लेबाज गुनालन कमलिनी और अनुभवी हरलीन देओल को मौका देगा। भारत ने अब तक टीम के बाकी सभी 13 सदस्यों को मौका दिया है।

श्रीलंकाई टीम रही है बुरी तरह नाकाम

अनुभवी चमारी अटापट्टू की अगुवाई में श्रीलंकाई बल्लेबाज श्रृंखला में बुरी तरह विफल रहे हैं। अटापट्टू के अलावा उसकी टीम में हसिनी परेरा, कविशा दिलहारी और हर्षिता समरविक्रमा जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी हैं लेकिन इनमें से कोई भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। श्रीलंका को अगर भारत के सामने चुनौती पेश करनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारत:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, हरलीन देयोल, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।

श्रीलंका:

चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, नीलाक्षिका डी सिल्वा, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, कौशिनी नुथ्यांगना, मालशा शेहानी, इनोका राणावीरा, शशिनी गिम्हानी, निमेश मदुशानी, काव्या कविंदी, रश्मिका सेववंडी, मल्की मदारा।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। टॉस साढ़े छह बजे होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article