क्रिकेट

INDW vs ENGW 1st T20I: आज भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज का आगाज, अपना रिकॉर्ड बेहतर करने उतरेगी टीम इंडिया

  • Agency by: भाषा
  • Updated Dec 6, 2023, 08:00 AM IST

भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज बुधवार को होने जा रहा है। जानिए कैसा है टीम इंडिया का इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड?

Image

भारत बनाम इंग्लैंड पहली टी20आई मैच प्रीव्यू

मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम पिछले कुछ अर्से के अच्छे प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय रिकॉर्ड बेहतर करने के इरादे से बुधवार से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में उतरेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने टी20 प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा भारत ने बांग्लादेश में 2-1 से जीत दर्ज की और दक्षिण अफ्रीका तथा वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में पहुंची।

दूसरी ओर दुनिया की दूसरे नंबर की टीम इंग्लैंड श्रीलंका से 1-2 से मिली पराजय को भुलाकर नये सिरे से शुरुआत करने उतरेगी। दुनिया की चौथे नंबर की टीम भारत का इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 श्रृंखलाओं में रिकॉर्ड खराब रहा है। मेजबान टीम इसे दुरूस्त करने के इरादे से उतरेगी। इंग्लैंड के खिलाफ भारत में नौ मैचों में से भारत ने सिर्फ दो जीते हैं। आखिरी जीत पांच साल पहले मार्च 2018 में मिली थी जब ब्रेबोर्न स्टेडियम पर आठ विकेट से इंग्लैंड को हराया था। इंग्लैंड के खिलाफ अब तक कुल 27 मैचों में से भारत ने सिर्फ सात जीते हैं।

भारत का खराब है इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड

भारतीय महिला टीम ने आखिरी बार अपनी सरजमीं पर टी20 मैच मार्च 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लखनऊ में जीता था। उसके बाद से भारत अपने देश में चार मैच हार चुका है और एक टाई रहा। भारत ने घरेलू 50 टी20 मैचों में से सिर्फ 19 जीते हैं, 30 हारे और एक टाई रहा। भारत और इंग्लैंड दोनों ने पिछले टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अगला टूर्नामेंट सितंबर अक्टूबर 2024 में होना है और उसकी तैयारी का यह सुनहरा मौका है।

इंग्लैंड के खिलाफ भारत के इन प्लेयर्स का चलता है जादू

दीप्ति शर्मा ने भारत के लिये 16 मैचों में 19 विकेट लिये हैं जबकि बल्लेबाजी में हरमनप्रीत ने 13 टी20 में 323 रन बनाये हैं। जेमिमा रौड्रिग्स ने 16 मैचों में 342 रन बनाये हैं जबकि स्मृति मंधाना ने 15 मैचों में सर्वाधिक 369 रन का योगदान दिया है। हरमनप्रीत ने बिग बैश लीग में 14 मैचों में 321 रन बनाये। भारत ने तीन नये चेहरों कर्नाटक की स्पिनर श्रेयांका पाटिल, पंजाब की स्पिनर मन्नत कश्यप और बंगाल की स्पिनर साइका इशाक को मौका दिया है।

इंग्लैंड के खिलाड़ियों का ऐसा रहा है प्रदर्शन

कश्यप इस साल की शुरूआत में आईसीसी अंडर 19 महिला टी20 कप में टीम का हिस्सा थी जबकि इशाक ने पहली महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के लिये 15 विकेट लिये। श्रेयांका ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिये नौ विकेट चटकाये और महिला कैरेबियाई प्रीमियर लीग में खेलने वाली पहली भारतीय बनी। इंग्लैंड के लिये नेट स्किवेर ब्रंट ने महिला प्रीमियर लीग में 332 रन देने के अलावा दस विकेट लिये थे। उन्होंने आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 271 रन बनाये। डैनी वियाट ने 278 रन बनाये हैं जबकि सोफी एक्सेलेटन ने 16 विकेट लिये।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, जेमिमा रौड्रिग्स, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, यस्तिका भाटिया, रिचा घोष, अमनजोत कौर, श्रेयांका पाटिल, मन्नत कश्यप, साइका इशाक, रेणुका सिंह ठाकुर, टिटास साधू, पूजा वस्त्राकर, कनिका आहूजा, मिन्नू मनी।

इंग्लैंड:

लौरेन बेल, माइया बूचियेर, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकली, सोफी एक्सेलेटन, माहिका गौर, डेनियेले गिब्सन, सारा ग्लेन, बेस हीथ, एमी जोंस, फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, नेट स्क्विेर ब्रंट, डेनियेले वियाट।

मैच का समय: शाम सात बजे से ।

End of Article