क्रिकेट

IND W vs AUS W Test Day 1: टीम इंडिया को 198 रन पर ढेर करने के बाद शुरुआती झटकों से उबरा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे एकमात्र डे-नाइट टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम 198 रन बनाकर ढेर हो गई। उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिआ ने तीसरे दिन सस्ते में तीन विकेट गंवा दिए हैं। जानिए कैसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

पर्थ: जेमिमा रोड्रिग्ज ने जुझारू अर्धशतक जमाया लेकिन भारत की बाकी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड और लूसी हैमिल्टन की स्विंग का सामना नहीं कर सकीं और दिन रात के एकमात्र टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम 198 रन पर आउट हो गई। रोड्रिग्ज ने 84 गेंद में 52 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल समाप्त होने पर तीन विकेट पर 96 रन बना लिये थे। मेजबान टीम अभी भी 102 रन पीछे है। मैच में अभी चार दिन की खेल शेष है।

सदरलैंड और हैमिल्टन ने बरपाया कहर

आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया जिसे उसके गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। सदरलैंड ने 46 रन देकर चार और हैमिल्टन ने 31 रन देकर तीन विकेट लिये। बायें हाथ की तेज गेंदबाज हैमिल्टन ने छठे ओवर में स्मृति मंधाना को आउट किया। शेफाली वर्मा 35 रन बनाकर सदरलैंड की गेंद पर विकेटकीपर बेथ मूनी को कैच दे बैठीं।

जेमिमा ने पहुंचाया 200 रन के करीब

पहला टेस्ट खेल रही प्रतिका रावल (18), कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) और दीप्ति शर्मा (सात) पिच पर नहीं टिक सकीं। भारत के पांच विकेट 107 रन पर गिर गए। रौड्रिग्स और रिचा घोष (11) ने छठे विकेट के लिये 43 रन की साझेदारी करके भारत को 150 रन के पार पहुंचाया। हैमिल्टन ने रौड्रिग्स और एशले गार्डनर ने घोष को आउट किया। काशवी गौतम (नाबाद 34) और सयाली सतघारे (सात) ने नौवे विकेट के लिये 38 रन जोड़कर भारत को 200 रन के पास पहुंचाया।

सस्ते में कंगारुओं नें गंवाए तीन विकेट

वहीं गेंदबाजी में सतघारे ने ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (दो) को आउट किया। फीबी लिचफील्ड (नौ) और कप्तान एलिसा हीली (13) भी सस्ते में आउट हो गई। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर एलिस पैरी (नाबाद 43) और सदरलैंड (नाबाद 20) खेल रही थी ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article