क्रिकेट

एशिया कप जीतने के बाद एशियन गेम्स का खिताब बचाने जापान पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Indian Women Cricket Team Reaches Japan For Asian Games 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम कुछ ही दिनों में शुरू होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान पहुंच गई है। हाल में एशिया कप ट्रॉफी जीतने के बाद अब भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में अपना खिताब बचाने का प्रयास करेगी।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान पहुंची (X/BCCIWomen)

Asian Games 2026: एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद एशियन गेम्स की मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियाड 2026 के लिए जापान पहुंच गई है, जहां वे अपनी सफलताओं को जारी रखने का प्रयास करेंगी। टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि उनकी खिलाड़ी एशियाई खेलों के अनूठे माहौल का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने हाल ही में दुबई में टी20 एशिया कप का खिताब जीता था। अब उसका पूरा ध्यान एशियाई खेलों पर केंद्रित है जहां वह फिर से स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय टीम ने 2023 में हांगझोऊ में सोने का तमगा हासिल किया था।

मजूमदार ने अपने सहयोगी स्टाफ और टीम की कुछ सदस्यों के साथ यहां पहुंचने के बाद कहा, "टीम एशियाई खेलों में भाग लेने को लेकर उत्साहित है। वह इस बहु खेल प्रतियोगिता का पूरा आनंद लेना चाहती है।" टीम के जो सदस्य कोचिंग स्टाफ के साथ यहां पहुंचे हैं उनमें तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ और स्पिनर श्री चरणी भी शामिल हैं। टीम के बाकी सदस्यों के दोपहर बाद यहां पहुंचने की संभावना है।

मजूमदार ने कहा कि वो चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के साथ रहने, खेल गांव के माहौल और कई खेलों वाली प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा करने का पूरा आनंद लें। उन्होंने कहा, "टीम को एशियाई खेलों के माहौल का अनुभव हासिल करने का बेसब्री से इंतजार है। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी इसका भरपूर आनंद लें।" उन्होंने यह भी कहा कि टीम को आवास को लेकर कोई समस्या नहीं है।

भारतीय टीम का हाल में प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने टी20 एशिया कप जीता है और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान 22 वर्षीय श्री चरणी का प्रदर्शन शानदार रहा। बाएं हाथ की स्पिनर ने एशिया कप में 12 विकेट लिए जिनमें श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में लिए गए चार विकेट भी शामिल हैं। अपनी लगातार अच्छी गेंदबाजी के चलते उन्होंने केवल 30 मैचों में ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया है। महिला क्रिकेट में केवल आठ टीम भाग ले रही हैं और भारत अपने अभियान की शुरुआत क्वार्टर फाइनल से करेगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article