क्रिकेट

IND vs WI 3rd ODI: वेस्टइंडीज को हराकर टीम इंडिया ने वनडे सीरीज 2-1 से किया अपने नाम

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Aug 2, 2023, 02:26 AM IST

IND vs WI 3rd ODI: भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर 3 मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है। भारत ने तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 200 रन के भारी अंतर से हराया। शार्दूल ठाकुर ने 4 विकेट चटकाए।

Image

भारत ने वेस्टइंडीज को हराया (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम वेस्टइंडीज निर्णायक मुकाबला
  • 1-1 की बराबरी पर है सीरीज
  • ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

IND vs WI 3rd ODI: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 200 रन से हराकर 3 मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन पहले मुकेश और फिर बाद में शार्दूल की धारदार गेंदबाजी के चलते पूरी टीम केवल 151 रन बनाकर ढेर हो गई।

वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 39 रन की पारी गुडाकेश मोती ने खेली। उनके अलावा एलिक अथानाजे ने 32 रन बनाए। इन दो को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। भारत की ओर से शार्दूल ठाकुर ने सर्वाधिक 4 जबकि मुकेश कुमार ने 3 विकेट लिए। इसके अलावा कुलदीप यादव और जयदेव उनादकट ने 2-2 विकेट झटके।

इससे पहले भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार बल्लेबाजों के अर्धशतकीय पारी के दम पर वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का लक्ष्य रखा। भारत की तरफ से सर्वाधिक 85 रन की पारी शुभमन गिल ने खेली। गिल के अलावा इशान किशन, संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या ने अर्धशतक लगाया।

टीम इंडिया की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को इशान किशन और शुभमन गिल ने 19.4 ओवर में 143 रन बनाकर विस्फोटक शुरुआत दी। किशन 77 रन के निजी स्कोर पर यानिका कारियाह का शिकार बने। जल्द ही भारत को दूसरा झटका लगा जब पहली बार इस दौरे पर खेल रहे रुतुराज गायकवाड़ 8 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे विकेट के लिए संजू और गिल ने ताबड़तोड़ 69 रन जोड़े। संजू 41 गेंद में 51 रन बनाकर रोमारियो शेफर्ड का शिकार बने। लेकिन हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी जारी रही और उन्होंने 52 गेंद पर नाबाद 70 रन की पारी खेली।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article