India vs New Zealand Head to Head: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में भारत की भिड़ंत न्यूजीलैंड से है। 8 मार्च, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा और लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़ा है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
दोनों टीमों की हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अंतरराष्ट्रीय टी20 में कुल 30 बार टक्कर हुई है, जिनमें 18 बार भारत और 11 बार न्यूजीलैंड जीता है। एक मैच टाई रहा है। साल 2022 से लेकर तब तक भारत और न्यूजीलैंड 10 बार टी20 मैचों में आमने-सामने आए हैं, जिनमें कीवी टीम सिर्फ 2 बार जीत दर्ज कर सकी है। आंकड़ों के अनुसार, भारत का पलड़ा भारी है।
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खुला है जीत का खाता
अब तक टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड 3 बार आमने-सामने हैं और तीनों बार कीवी टीम विजयी रही है। न्यूजीलैंड की ये 3 जीत 2007, 2016 और 2021 वर्ल्ड कप में आई हैं। कुल मिलाकर दोनों टीमों के बीच फाइनल में रोमांचक भिड़ंत होने की उम्मीद है।
वहीं, आईसीसी इवेंट के नॉक-आउट मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड 3-2 से आगे है। हालांकि, 2023 से देखें तो भारत और न्यूजीलैंड दो बार आमने-सामने हुए हैं, जिसमें भारत ने ही जीत दर्ज की है। टी20 वर्ल्ड कप के नॉक-आउट मुकाबले में दोनों टीमें पहली बार एक दूसरे से भिड़ेंगी।
आईसीसी नॉक-आउट मैचों में भारत बनाम न्यूजीलैंड:-
- 2000 टी20 कप फाइनल में न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीत हासिल की
- 2019 वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने 18 रन से जीत दर्ज की
- 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत हासिल की
- 2023 वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत ने 70 रन से जीत दर्ज की
- 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की
रोमांचक फाइनल की उम्मीद
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें टी20 में सिर्फ एक बार भिड़ी हैं। 2023 में खेले गए उस मुकाबले में भारत 168 रनों से जीता था। इस मैदान पर भी टीम इंडिया अपने विरोधियों पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। भारत और न्यूजीलैंड की टीम में एक से बढ़कर एक सूरमा मौजूद हैं, जो अपने दमपर मैच का रुख मोड़ सकते हैं।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
