विशाखापट्टनम: भारत के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के विशाखापट्टनम में खेले गए पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज जोस इंग्लिस ने जमकर धमाल मचाया। जोस ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए गेंद पर शतक जड़ दिया। ये उनके टी20 करियर का पहला शतक है। इससे पहले खेले 12 टी20आई मुकाबलों में इंग्लिस एक बार भी पचास रन के आंकड़े को पार नहीं कर सके थे। लेकिन इस बार उन्होंने 47 गेंद में 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से सैकड़ा पूरा कर लिया।
भारत के खिलाफ शतक जड़ने वाले तीसरे कंगारू बल्लेबाज
जोस इंग्लिस 47 गेंद में शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया की ओर से टी20आई में जड़े सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इंग्लिस भारत के खिलाफ टी20आई मैचों में शतक जड़ने वाले दुनिया का आठवें और तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने। साल 2016 में शेन वॉटसन, 2019 में ग्लेन मैक्सवेल ने ये कारनामा किया था। अब इंग्लिस भारत के खिलाफ टी20आई शतक जड़ने वाले तीसरे कंगारू बल्लेबाज बने हैं।
50 गेंद में जड़े 110 रन, जड़े आठ गगनचुंबी छक्के
जोस इंग्लिस पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर बल्लेबाजी करने उतरे। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया का स्कोर महज 31 रन था। ऐसे में इंग्लिस ने स्टीव स्मिथ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने 66 गेंद में 130 रन की साझेदारी की। दोनों ने मिलकर 161 रन तक टीम को पहुंचाया। इस दौरान इंग्लिस ने अपना अर्धशतक 29 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। अंत में इंग्लिस 50 गेंद में 110 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर कैच देकर पवेलियन लौटे।
