क्रिकेट

IND U19 vs AUS U19 2nd YODI: वैभव सूर्यवंशी ने भारत को दिलाई दूसरे वनडे में धमाकेदार जीत, सीरीज में हासिल की 2-0 की अजेय बढ़त

भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे यूथ वनडे में 51 रन के अंतर से मात देकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। वैभव सूर्यवंशी ने आतिशी पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की।

Image

वैभव सूर्यवंशी(फोटो क्रेडिट Cricket Australia X)

ब्रिस्बेन: वैभव सूर्यवंशी के शानदार अर्धशतक और कप्तान आयुष म्हात्रे की कामचलाऊ ऑफ स्पिन गेंदबाजी से झटके तीन विकेट की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने बुधवार को दूसरे यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 51 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। श्रृंखला का अंतिम मैच शुक्रवार को इयान हीली ओवल में खेला जाएगा। मध्यक्रम के बल्लेबाज जेडन ड्रेपर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 72 गेंद में 102 रन की पारी खेली, लेकिन 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 47.2 ओवर में 249 रन ही बना सकी।

सूर्यवंशी (68 गेंद में 70 रन) ने भारतीय बल्लेबाजी आक्रमण की नींव रखी जब उनके साथी सलामी बल्लेबाज म्हात्रे दो गेंद खेलकर शून्य पर आउट हो गए। सूर्यवंशी ने विहान मल्होत्रा (70 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 117 रन जोड़कर भारत को ट्रैक पर वापसी कराई। पर सूर्यवंशी के आउट होने के बाद भारत की लय टूट गई। विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू (71 रन) ने अंतिम क्रम के बल्लेबाज़ों के साथ छोटी लेकिन अहम साझेदारियां करके स्कोर को चलायमान रखा जिससे भारतीय टीम 49.4 ओवर में 300 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

ऑस्ट्रेलियाई टीम 18.5 ओवर में एक विकेट पर 63 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी। लेकिन ऑफ स्पिनर कनिष्क चौहान ने स्टीव होगन को आउट कर टीम को मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद घरेलू टीम ने 63 के स्कोर पर एलेक्स टर्नर और यश देशमुख के रूप में दो और विकेट गंवा दिए जिससे स्कोर चार विकेट पर 63 हो गया। जल्द ही टीम ने 109 रन के स्कोर पर छह विकेट खो दिए और ऑस्ट्रेलियाई टीम हार की कगार पर पहुंच गई। पर ड्रेपर और आर्यन शर्मा (38) ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया के लिए संघर्ष जारी रखा लेकिन इतना ही काफी नहीं था। म्हात्रे ने इस समय ड्रेपर और आर्यन के विकेट जल्दी जल्दी लेकर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article