India tour of England Schedule: भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें 2026 में इंग्लैंड दौरे पर जानें वाली हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस दौरे में भारतीय पुरुष टीम पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन एकदिवसीय मुकाबले खेलेगी, जबकि महिला टीम तीन टी20 और एक टेस्ट मैच में हिस्सा लेगी।
पुरुष टीम का दौरा 1 जुलाई से होगा शुरू
भारतीय पुरुष टीम के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत 1 जुलाई को डरहम में पहले टी20 मुकाबले से होगी। इसके बाद 4 जुलाई को मैनचेस्टर, 7 जुलाई को नॉटिंघम, 9 जुलाई को ब्रिस्टल और 11 जुलाई को साउथैम्प्टन में टी20 मैच खेले जाएंगे।इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन होगा ।पहला मुकाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम, दूसरा 16 जुलाई को कार्डिफ और आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।
महिला टीम को भी मिलेगा बड़ा मंच
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर तीन टी20 मुकाबले और एक ऐतिहासिक टेस्ट खेलेगी। टी20 सीरीज की शुरुआत 28 मई को चेल्म्सफोर्ड में होगी। इसके बाद अगले मैच 30 मई को ब्रिस्टल और 2 जून को टॉन्टन में होंगे।महिला टीम के लिए सबसे बड़ा अवसर होगा 10 जुलाई से लॉर्ड्स में होने वाला एकमात्र टेस्ट मैच। यह पहला मौका होगा जब इंग्लैंड महिला टीम लॉर्ड्स पर टेस्ट मैच खेलेगी।
इंग्लैंड की मेज़बानी में होंगे कई बड़े मुकाबले
ECB ने यह भी बताया कि इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम, जिसकी अगुआई बेन स्टोक्स कर रहे हैं, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ दो रोथसे टेस्ट सीरीज भी खेलेगी। वहीं हैरी ब्रूक की अगुवाई में इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम श्रीलंका और भारत के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
ECB ने जताई रोमांचक गर्मी की उम्मीद
ECB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा, “हम 2026 के रोमांचक समर इंटरनेशनल क्रिकेट सीजन की घोषणा कर बेहद उत्साहित हैं। विश्व स्तरीय विपक्ष और प्रतिष्ठित मैदानों में होने वाले मुकाबले, पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “इस समर का मुख्य आकर्षण होगा ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप, जिसकी मेज़बानी इंग्लैंड 2009 के बाद पहली बार करेगा। यह महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ा मौका है और नेट स्किवर-ब्रंट की टीम के लिए प्रेरणादायक पल होगा।”
महिला टेस्ट को लेकर उत्साह
रिचर्ड गोल्ड ने लॉर्ड्स में होने वाले महिला टेस्ट को लेकर भी अपनी खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हमें यह जानकर बेहद खुशी है कि लॉर्ड्स पहली बार महिला टेस्ट मैच की मेज़बानी करेगा। यह महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।
