IND vs WI Highlights: भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर दिल्ली टेस्ट जीत लिया है। भारत के सामने दूसरी पारी में 121 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 5वें दिन के पहले घंटे की खेल में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। साई सुदर्शन ने 39 जबकि केएल राहुल ने नाबाद 58 रन की पारी खेली। इससे पहले वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में फाइटबैक करते हुए 390 रन का स्कोर खड़ा किया था। वेस्टइंडीज की ओर से शाई होप और जॉन कैंपबेल ने शतकीय पारी खेली थी, जिसकी बदौलत टीम भारत को दोबारा बल्लेबाजी करने पर मजबूर कर पाई। होप ने 103 जबकि कैंपबेल ने 115 रन की पारी खेली थी।
इससे पहले लगातार 6 टॉस हारने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 518 रन बनाकर पारी घोषित की। पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 175 जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 129 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा साई सुदर्शन ने 87 रन की अहम पारी खेली।
वेस्टइंडीज को खेलना पड़ा फॉलोऑन
518 रन के जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी ज्यादा कुछ नहीं कर पाई और कुलदीप यादव की फिरकी में फंसकर केवल 248 रन ही बना पाई। इस पारी में एलिक एथांजे ने सर्वाधिक 41 जबकि शाई होप ने 36 रन की पारी खेली। कप्तान गिल ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन दिया, लेकिन जिस तरह से वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में जवाब दिया वह काबिले तारीफ है।
सीरीज में किया सूफड़ा साफ
इस जीत के साथ ही भारत ने 2 मैच की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया। भारत ने अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट में पारी और 140 रन से जीता था। कप्तान के तौर पर गिल की यह घर पर पहली टेस्ट सीरीज जीत है। यह भारत का 20वां क्लीन स्वीप है और उसने इस मामले में श्रीलंका की बराबरी कर ली है।
