चट्टोग्राम: भारतीय टीम (India Cricket team) ने रविवार को पहले टेस्ट के पांचवें दिन बांग्लादेश (Bangladesh Cricket team) को 188 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। भारत ने आखिरी दिन पहले सत्र के अंदर बांग्लादेश की दूसरी पारी 113.2 ओवर में 324 रन पर ऑलआउट कर दी। इसके साथ ही भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट 22 दिसंबर से मीरपुर में शुरू होगा।
बांग्लादेश ने रविवार को अपनी पारी 272/6 के स्कोर से आगे बढ़ाई। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने मेहदी हसन (13) को उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराकर बांग्लादेश को दिन का पहला झटका दिया। यहां से शाकिब अल हसन (84) ने ताईजुल इस्लाम (4) के साथ आठवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी करके बांग्लादेश को 300 रन के पार पहुंचाया। कुलदीप यादव ने शाकिब को क्लीन बोल्ड करके भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद कुलदीप ने इबादत हुसैन को खाता भी नहीं खोलने दिया और अय्यर के हाथों कैच आउट कराकर बांग्लादेश को 9वां झटका दिया। फिर अक्षर पटेल ने इस्लाम को बोल्ड करके भारत की जीत पर मुहर लगाई।
बता दें कि भारत की पहली पारी 404 रन पर ऑलआउट हुई थी, जिसके जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी केवल 150 रन पर ढेर हो गई। इस तरह मेहमान टीम को पहली पारी के आधार पर 254 रन की विशाल बढ़त मिली। इसके बाद भारत ने शुभमन गिल (110) और चेतेश्वर पुजारा (102*) के शतकों की मदद से अपनी दूसरी पारी 258/2 के स्कोर पर घोषित की और बांग्लादेश को जीत के लिए 513 रन का लक्ष्य दिया। मेजबान टीम ने चौथे दिन अपनी हार टाली और स्टंप्स तक 272/6 का स्कोर बनाया। मगर पांचवें दिन पहले ही सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने धावा बोला और 188 रन के विशाल अंतर से जीत दर्ज की।
पता हो कि भारतीय टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए 6 में से 5 टेस्ट जीतने की जरुरत है, जिसमें से वो पहला टेस्ट जीतने में कामयाब हो गई है। भारतीय टीम की कोशिश अब बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में हराकर उसका 2-0 से क्लीन स्वीप करने की होगी। टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर यह है कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा दूसरे टेस्ट के लिए फिट घोषित कर दिए गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रोहित शर्मा की वापसी पर कौन सा खिलाड़ी बाहर होगा।
भारतीय टीम को डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने के लिए अब 5 में से 4 मैच जीतने की जरूरत है। भारतीय टीम बांग्लादेश के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू जमीन पर चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। भारतीय बल्लेबाज और गेंदबाज फॉर्म में हैं, जिसको देखते हुए फैंस उम्मीद जता रहे हैं कि भारत डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचेगा।
