क्रिकेट

IND-W vs WI-W 2nd T20 Match: वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरने से पहले भारतीय महिला टीम इन खामियों को करेगी दूर, जानिए क्या है पूरा मामला

IND-W vs WI-W 2nd T20 Match: भारतीय महिला टीम और वेस्टइंडीज महिला टीम के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम अपनी इन खामियों को दूर करने की कोशिश करेगी।

Image

भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Women X)

Photo : Twitter

IND-W vs WI-W 2nd T20 Match: सीरीज के पहले मैच में 49 रन से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार को यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में क्षेत्ररक्षण की अपनी खामियों को दूर करने की कोशिश करेगी। ऑस्ट्रेलिया में अपने अंतिम एकदिवसीय मुकाबले और रविवार को यहां हुए पहले टी20 मैच के बीच कम समय के बावजूद भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और कैरेबियाई टीम के खिलाफ टी20 मुकाबलों में अपनी जीत का सिलसिला नौ मैच तक पहुंचा दिया।

फील्डिंग एक बार फिर टीम का कमजोर पक्ष रहा जब जेमिमा रोड्रिग्स, स्मृति मंधाना और साइमा ठाकोर ने एक-एक कैच टपकाया। साइमा ने कियाना जोसेफ (49) का कैच उस समय छोड़ा जब वह 34 रन बनाकर खेल रही थी। डिएंड्रा डॉटिन (28 गेंद में 52 रन, चार चौके, तीन छक्के) को जेमिमा और मंधाना ने जीवनदान दिए। कप्तान हरमनप्रीत की जगह क्षेत्ररक्षण के लिए उतरी मीनु मनि ने हालांकि शानदार प्रदर्शन किया।

टीम ने हालांकि यह नहीं बताया कि हरमनप्रीत क्यों वेस्टइंडीज की पारी के दौरान अधिकांश समय क्षेत्ररक्षण के लिए नहीं उतरीं। भारतीय कप्तान 14 गेंद में नाबाद 13 रन की अपनी पारी के दौरान हालांकि किसी भी तरह से परेशान नहीं दिखीं।

भारत की जीत के तुरंत बाद कोचिंग स्टाफ ने युवा प्रिया मिश्रा, राघवी बिष्ट और नंदिनी कश्यप के साथ कैचिंग अभ्यास का एक सत्र शुरू किया लेकिन हवा ने उनके काम को मुश्किल बना दिया था। फिर भी भारत की बल्लेबाजों ने एकजुट प्रयास करके अच्छा उदाहरण पेश किया। शीर्ष पर उमा छेत्री (24) ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अपने पहले मैच में कवर क्षेत्र में कुछ शानदार ड्राइव खेले और मंधाना ने पर्थ में तीसरे वनडे में 105 रन बनाने के बाद साल का अपना छठा अर्धशतक बनाया।

लेकिन वह जेमिमा थी जिन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 73 रन बनाए जो इस प्रारूप में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक थी। वेस्टइंडीज इस दौरे के लिए की गई तैयारियों के साथ न्याय नहीं कर पाने से निराश थी लेकिन जोसेफ, डॉटिन और करिश्मा रामहरम (18 रन पर दो विकेट) ने टीम की क्षमता को दिखाया जिसने इस साल इस प्रारूप में अपने अधिकतर मैच जीते हैं। जोसेफ और डॉटिन दोनों ने उम्दा पारियां खेलीं लेकिन वेस्टइंडीज के लिए विकेट गलत समय पर गिरे जिन्हें निश्चित रूप से गेंद से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। मेहमान टीम ने पहले मैच में 10 वाइड फेंकी थी।

इस प्रकार है टीमें

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, नंदिनी कश्यप, जेमिमा रोड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, दीप्ति शर्मा, सजीवन सजना, राघवी बिस्ट, रेणुका ठाकुर, प्रिया मिश्रा, टिटास साधु, साइमा ठाकोर, मीनु मनि और राधा यादव।

वेस्टइंडीज: हेले मैथ्यूज (कप्तान), शेमाइन कैंपबेल, आलिया एलेन, शामिलिया कॉनेल, नेरिसा क्राफ्टन, डिएंड्रा डॉटिन, एफी फ्लेचर, शबिका गजनबी, चिनेले हेनरी, जाइदा जेम्स, कियाना जोसेफ, मैंडी मंगरू, अश्मिनी मुनिसर, करिश्मा रामहरक और राशदा विलियम्स।

समय: मैच शाम सात बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article