क्रिकेट

IND vs ZIM T20: कप्तानी में पहली जीत हासिल करके क्या बोले श्रेयस अय्यर, वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी खास शब्द कहे

IND vs ZIM 1st T20I, Shreyas Iyer Post Match Statement: भारत ने आखिरकार लगातार दो सीरीज गंवाने और उन सीरीज में एक भी मैच ना जीतने के बाद आखिरकार श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली बार टी20 जीत हासिल कर ली है। जिम्बाब्वे को पहले टी20 में शिकस्त देने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या कुछ कहा और वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले, यहां जानेंगे।

Image

श्रेयस अय्यर को कप्तान के रूप में मिली पहली टी20 जीत (Instagram/Indiancricketteam)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम जिम्बाब्वे पहला टी20 मैच
  • भारत जीता, कप्तान के रूप में अय्यर की पहली जीत
  • श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की

IND vs ZIM 1st T20, Shreyas Iyer Post Match Statement: भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे की परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए अपने गेंदबाजों की तारीफ की और कहा कि तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में मेजबान जिम्बाब्वे पर मिली शानदार जीत से उनकी टीम को सीरीज के बाकी मुकाबलों के लिए जरूरी आत्मविश्वास मिलेगा। पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 125 रन पर रोकने के बाद 40 गेंद शेष रहते सात विकेट से आसान जीत दर्ज की।

अय्यर ने इस प्रदर्शन को पूरी टीम की कोशिश बताया, हालांकि उन्होंने माना कि बल्लेबाजी पूरी तरह आसान नहीं थी। मैच के बाद अय्यर ने कहा, "मुझे लगता है कि लड़कों ने जबरदस्त खेल दिखाया। अपनी पहली जीत से मैं बहुत खुश हूं। गुड लेंथ से उछाल मिल रहा था और वह असमान था। मुझे लगा कि दोनों पारियों में ऐसा ही था। मयंक ने जो शुरुआत दी, वह बहुत अच्छी थी।" श्रेयस आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ अपनी कप्तानी में श्रृंखला गंवाने के बाद यहां आए थे।

कप्तान ने कहा कि इस शानदार शुरुआत से भारत को फायदा होगा क्योंकि इसी मैदान पर दो और मैच खेले जाने हैं। उन्होंने कहा, "हम यहां दो और मैच खेलने वाले हैं इसलिए आज के प्रदर्शन से सभी को कुछ आत्मविश्वास मिला है।"

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने की युवा वैभव सूर्यवंशी की तारीफ

श्रेयस अय्यर ने युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भी समर्थन किया और कहा कि हालात की जानकारी होने से इस युवा खिलाड़ी को फायदा होगा। उन्होंने कहा, "वैभव यहां खेल चुके हैं। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन बनाए थे इसलिए उन्हें यहां के हालात का पता है।" भारत के 15 साल के बल्लेबाज सूर्यवंशी पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक बनाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया। वैभव ने इस दौरान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article