क्रिकेट

IND vs SA: अपनी क्षमता पर हो गया था संदेह... दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तूफानी पारी खेलने के बाद ऐसा क्यों बोले संजू सैमसन

IND vs SA, Sanju Samson Statement: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने 214 की स्ट्राइक रेट से 50 गेंदों पर 7 चौके और 10 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 107 रन बनाए। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की। इस जीत के बाद संजू सैमसन ने बड़ा बयान दिया।

Image

संजू सैमसन। (फोटो- BCCI Twitter)

Photo : Twitter

IND vs SA, Sanju Samson Statement: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुरू में लगातार असफलताओं के कारण उन्हें अपनी क्षमता पर संदेह हो गया था लेकिन कप्तान और कोच के समर्थन से वह मजबूत वापसी करने में सफल रहे। सैमसन ने शुक्रवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 50 गेंद पर 107 रन की शानदार पारी खेली जिससे भारत ने यह मैच 61 रन से जीता।

सैमसन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अपने करियर में कई असफलताओं का सामना किया है। मुझे लगता है कि जब आप उस असफलता से गुजरते हैं, तो आपके मन में बहुत सारे संदेह पैदा हो जाते हैं। सोशल मीडिया भी निश्चित तौर पर अपनी भूमिका निभाता है।’’ उन्होंने कहा,‘‘लेकिन आप भी खुद के बारे में बहुत कुछ सोचते हैं। संजू, क्या आप अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए नहीं बने हैं? मुझे लगता है कि आप आईपीएल में अच्छा कर रहे हैं। आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे हैं? इसलिए मेरे मन में ऐसे बहुत सारे सवाल उठ रहे थे। लेकिन इतने वर्षों के अनुभव के बाद मुझे पता था कि मैं क्या कर सकता हूं।’’

सैमसन ने कहा,‘‘अगर मैं क्रीज पर कुछ समय बिताता हूं, तो मेरे पास स्पिन और तेज गेंदबाजों पर शॉट लगाने की क्षमता है और मैं जानता हूं कि मैं निश्चित रूप से टीम के लिए अच्छा योगदान दे सकता हूं। मैं मैच जीत सकता हूं। यह भी एक वास्तविकता है। निश्चित रूप से हैं बहुत सारे उतार-चढ़ाव रहे हैं, लेकिन इसका उल्टा भी वास्तव में अच्छा है। मैं खुद से यही कहता रहा।’’ इस 30 वर्षीय खिलाड़ी का श्रीलंका के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था लेकिन उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 111 रन बनाए और फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को शतक ठोका।

केरल के इस बल्लेबाज ने खराब दौर में समर्थन बनाए रखने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,,‘‘जब आपके पास सूर्यकुमार यादव जैसा कप्तान तथा गौतम भाई और वीवीएस लक्ष्मण सर जैसे सहयोगी होते हैं, तो वे सभी विफलताओं के दौरान आपका समर्थन करते हैं। जिस तरह से वे आपकी विफलताओं में आपसे संवाद करते हैं, वह बहुत महत्वपूर्ण होता है। हर कोई जानता है कि अगर हम नकारात्मक दौर से गुजर रहे हैं। तो खिलाड़ी का करियर चौपट हो सकता है।’’

सैमसन ने कहा,‘‘गौतम भाई और सूर्यकुमार ने उस दौर में मुझसे लगातार संपर्क बनाए रखा। जब आपके शून्य पर आउट होने के बाद कप्तान आपको बताता है कि अभ्यास कैसे करना है तो इसका मतलब है कि कप्तान को आप पर विश्वास है। वह चाहता है कि आप अच्छा प्रदर्शन करें। इसलिए मुझे लगता है कि ये सभी छोटी-छोटी चीजें बहुत बड़ी भूमिका निभाती हैं।’’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article